गौरीगंज (अमेठी)। उदयपुर में युवक की हत्या के बाद वायरल वीडियो से शांति व्यवस्था बिगड़ने की संभावना को देखते हुए जिले में बुधवार को हाई अलर्ट रहा। जिले में कानून व्यवस्था बिगड़ने न पाए इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप व सार्वजनिक स्थानों को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
राजस्थान के उदयपुर निवासी कन्हैयालाल की मंगलवार को दो युवकों ने गला रेत कर हत्या कर दी थी। हत्या का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था पुख्ता रहे, इसके लिए जिला व पुलिस प्रशासन बुधवार को हाई अलर्ट पर रहा। बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन के साथ प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। होटल व ढाबा पर सघन तलाशी ली गई।
मुख्यालय पर एएसपी वीके पांडेय ने सीओ जगदीश प्रसाद व एसएचओ के साथ पूरे कस्बे में पैदल मार्च किया। पूरे जिले में सीओ ने अपने सर्किल मुख्यालय के थाने पर तो सभी एसओ ने अपने क्षेत्र की बाजारों व कस्बों में पैदल मार्च करते हुए संदिग्धों की तलाशी ली।
अफसरों ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों, भ्रांतियों व अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखने को कहा। एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि जिले में सौहार्र्दपूर्ण वातावरण कायम रखने व लोगों को सुरक्षा अहसास दिलाने के लिए विशेष सर्तकता बरती जा रही है।