गौरीगंज (अमेठी)। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महात्मा गांधी की 152वीं जयंती के मौके पर शहर के तीन स्कूलों में मेगा ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड व अमर उजाला की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने चित्र के माध्यम से शहर स्वच्छ-हम स्वस्थ पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बच्चों ने ड्राइंग के माध्यम से स्वच्छता की आवश्यकता को प्रदर्शित करते हुए सफाई व स्वास्थ्य के कड़ी की जानकारी दी। दो स्कूलों में 35-35 तो एक स्कूल में 30 बच्चों ने पूरे मनोभाव से चित्र बनाते हुए पेंटिंग कर उन्हें सजीव करने की कोशिश की। बच्चों को कोशिश काबिल-ए-तारीफ रही। प्रतियोगिता शहर के शिव महेश बालिका इंटर कॉलेज, मनीषी बालिका इंटर कॉलेज तथा एमजेएस मेमोरियल ग्रीन वैली इंटर कॉलेज में हुई।
स्वच्छता पर आधारित रही ड्राइंग
शिव महेश बालिका इंटर कॉलेज में ड्राइंग प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने स्वच्छता के महत्व को प्रदर्शित किया। बच्चों ने पेटिंग में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी आकृतियों के माध्यम से दिखाने की कोशिश की। इस मौके पर प्रबंधक कमलाकर मिश्र, आईटीआई कार्यदेशक अनिल मिश्र, प्रधानाचार्य ओम प्रकाश तिवारी व शिक्षिक अमिता मिश्रा ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
स्वास्थ्य के लिए सफाई आवश्यक
मनीषी बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित शहर स्वच्छ-हम स्वस्थ ड्राइंग प्रतियोगिता में 35 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रधानाचार्य अर्चना कृष्ण पांडेय व कला शिक्षिका माधुरी के निर्देशन में स्वस्थ जीवन में स्वच्छता के महत्व को छात्राओं ने आकृति व पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं ने पूरे मनोयोग से निर्धारित विषय पर ड्राइंग तैयार करते हुए अमर उजाला का धन्यवाद दिया। कहा कि ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हैं। प्रबंधक पं. जगदंबा प्रसाद त्रिपाठी ‘मनीषी’ ने प्रतिभागी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शहर स्थित एमजेएस मेमोरियल ग्रीन वैली इंटर कॉलेज में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने बिना तैयारी निर्धारित विषय शहर स्वच्छ-हम स्वस्थ्य पर चित्र व पेटिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाते हुए स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के साथ गांधी के जीवन को भी प्रदर्शित करने की कोशिश की। बच्चों ने स्वदेशी के महत्व को भी पेटिंग के माध्यम से उजगार करने की कोशिश की। स्कूल प्रबंधक मंशाराम मौर्या ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया तो स्कूल शिक्षक अवधराज वर्मा व संदीप मौर्या, दिव्यांशी द्विवेदी के निर्देशन में बच्चों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।