गौरीगंज (अमेठी)। किसानों को खेतीबाड़ी में प्रशिक्षित करने के लिए कृषि विभाग भ्रमण के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता है। विभाग की ओर से आयोजित भ्रमण व अन्य कार्यक्रमों की जानकारी न मिलने से नाराज किसान शुक्रवार को प्रदर्शन पर उतर आए।
शहर स्थित उपनिदेशक कृषि कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करते हुए विभागीय कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिये भ्रमण व प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कृषि विभाग किसानों को खेतीबाड़ी के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए भ्रमण कार्यक्रम के साथ ही नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराता है। विभाग की ओर से आयोजित भ्रमण कार्यक्रम के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी न देने पर शुक्रवार को किसान भड़क गए। पचेहरी स्थित उपनिदेशक कृषि कार्यालय पहुंचे किसानों ने धरना-प्रदर्शन दिया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जामो विकास खंड में तैनात बीटीएम अमर सिंह पर खेतों का भ्रमण कर उनकी परेशानी का निराकरण न करने तथा अभद्रता करने समेत कई आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के जरिये विभाग की ओर से आयोजित होने वाले भ्रमण व प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी किसानों को देने के साथ ही विभागीय कार्यक्रम व योजनाओं में महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा दायित्वों के प्रति लापरवाही व किसानों से अभद्रता करने वाले कर्मियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग की है।
किसानों ने मांगें पूरी न होने की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर किसान नेता रीता सिंह, श्यामा, नीतू, नौरंगा, कमलेशा, ऊषा, शंकुतला व गीता समेत बड़ी संख्या में महिला किसान मौजूद रहीं।