अमेठी। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के गोसाईगंज में बसपा की ओर से मंगलवार को कैडर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कैंप में डॉ. अंबेडकर व कांशीराम के आदर्शों पर चलते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करने की बात कही गई।
कैडर कैंप में बतौर मुख्य अतिथि अयोध्या मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम के संघर्षों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों पर चलते हुए ईमानदारी व निष्ठा से संगठन में काम करते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने भाजपा, सपा व कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और चुनावी लाभ लेने के लिए सरकारी खजाना लुटाने का आरोप लगाया। कहा कि सुल्तानपुर के अरवल कीरी में प्रधानमंत्री की रैली में सरकारी कोष से धन खर्च किया जा रहा है।
सरकार जनता की गाढ़ी कमाई से पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा रही है। बसपा नेता राजीव शुक्ल ने कहा कि अच्छा शासन-अच्छा काम बीएसपी की पहचान है। बसपा नेता रागिनी तिवारी ने कहा कि बहन मायावती ही एक मात्र नेता हैं जो उत्तर प्रदेश की जनता को कानून का राज दे सकती हैं।
बसपा नेता शशिकांत तिवारी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की नीति सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय की है। बीएसपी ने भाईचारे के फॉर्मूले पर संगठन निर्माण कर प्रदेश को सबसे अच्छी शासन व्यवस्था दी थी। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने किया। इस मौके पर मुख्य सेक्टर प्रभारी दिनेश गौतम, बामसेफ जिलाध्यक्ष संजीव भारती, संजय कुमार कोरी व कुसुम राज आदि मौजूद रहे।