गौरीगंज (अमेठी)। संचारी रोग नियंत्रण के साथ ही संभावित कोविड की तीसरी लहर में बचाव के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। डेंगू/मलेरिया को रोकने के लिए गांव-गांव साफ-सफाई व दवाओं के छिड़काव के साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
डीएम के निर्देश पर गठित 606 टीम गांवों में लोगों को जागरूक करते हुए मरीज चिह्नित करने में जुट गईं हैं। लोगों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम गठित कर लोगों से सूचना देने की अपील की गई है।
मौसम परिवर्तित होने के साथ ही जिले में डेंगू व मलेरिया का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसी स्थित में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ गांव-गांव लोगों को जागरूक कर मरीज चिह्नित कर समय से उपचार करने की योजना बनाई गई है।
कवायद सफल हो सके इसके लिए डीएम अरुण कुमार ने डेंगू व मलेरिया के साथ अन्य संचारी रोगों की रोकथाम हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग तथा शहरी क्षेत्रों में अधिशाषी अधिकारियों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान में प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा वार्डों में विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है, इसके साथ ही लोगों को डेंगू तथा संचारी रोगों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
इतना ही नहीं स्वास्थ्य विभाग की 606 टीमें गठित कर डोर टू डोर सर्वे कराकर डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार, कोविड संवेदीकरण, ज्वर पीड़ित तथा क्षय रोग पीड़ित, नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों तथा कोविड टीकाकरण से वंचित को चिह्नित कर उपचार व जागरूक किया जा रहा है।
डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू तथा अन्य संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु अपने आसपास विशेष साफ सफाई रखें, घरों में कूलर, गमलों, पुराने टायरों इत्यादि में जमे जल को नियमित साफ करें। पानी उबालकर पीने तथा घरों में मच्छरों से बचने हेतु मच्छरदानी का प्रयोग करें।
डीएम ने बुखार व अन्य संक्रमित बीमारी का लक्षण दिखने पर गठित कंट्रोल रूम नंबर 05368-244002, 244003, 244499, 244011, 297006 पर सूचना देने की अपील है।