मुसाफिरखाना (अमेठी)। तहसील क्षेत्र के छतारी गांव के खेतों में बृहस्पतिवार दोपहर लगी आग में किसानों की कई बीघा गेहूं की खड़ी फसल जल कर राख हो गई। सूचना पर बल्दीराय तथा मुसाफिरखाना से पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने नुकसान का जायजा लिया। नुकसान के आकलन के लिए राजस्व कर्मियों की तीन टीमें गठित की हैं।
मुसाफिरखाना क्षेत्र के छतारी गांव के पूर्वी खेतों में बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे आग लग गई। उस समय लोग अपने-अपने घरों में थे। ग्रामीण धर्मवीर सिंह के मुताबिक भूसा बना रही मशीन से निकली चिंगारी के कारण लगी है।
आग की घटना सुनकर किसान अपने-अपने घरों से भागते हुए खेतों में पहुंच गए। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। बल्दीराय तहसील तथा मुसाफिरखाना दोनों तहसील क्षेत्र की फसलें थीं। सूचना पर पहुंची बल्दीराय तथा मुसाफिरखाना फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाना शुरू किया।
किसान भी अपनी फसल बचाने के लिए छटपटाते रहे। लेकिन उनके हाथ सिर्फ भागदौड़ ही लगी। देखते-देखते सारी फसल जलकर राख हो गई। फसल की बर्बादी में मुसाफिरखाना क्षेत्र के गांव छतारी, गाजनपुर, दुवारिया तो बल्दीराय के गांव पूरे पांडेय व पौली गांव शामिल रहे। घटना में धर्मवीर सिंह, टार्जन सिंह, सीपी सिंह, अंकित सिंह, राकेश सिंह, राजेश सिंह, सर्वेश सिंह, भोले सिंह, रामराज सिंह, छोटेलाल सिंह, बसंत लाल यादव, वशिष्ठ शर्मा, गंगा सेन सिंह, भगवान बक्श, सतेंद्र सिंह, सियानाथ सिंह, अजय सिंह, अभिमन्यु सिंह, पिंटू सिंह सहित तमाम किसानों की फसल जल कर राख हो गई।
मौके पर पहुंचे एसडीएम राकेश कुमार ने ग्रामीणों से मिलकर मौके का निरीक्षण किया। एसडीएम के मुताबिक आगजनी में 40 किसानों की करीब 30 बीघा फसल जली है। उन्होंने बताया कि तीन टीमों को आकलन के लिए लगा दिया गया है। जल्द ही किसानों को मुआवजा राशि मुहैया करा दी जाएगी।
पांच बीघा गेहूं की फसल जली
भादर (अमेठी)। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे मॉडल थाना रामगंज के अयोध्या-प्रयागराज हाईवे किनारे स्थित इंडेन गैस प्लांट त्रिसुंडी के पास गेहूं के खेत में आग लग गई। आगजनी में त्रिसुंडी गांव निवासी कमलेश कुमार व रामप्रसाद तथा प्रतापगढ़ जिले के गोड़वा निवासी शकुंतला की करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीण फायर कर्मियों को सूचना देते हुए आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। ग्रामीणों की मानें में खेत में बिजली का तार टूटकर गिरने से आग लगी। हल्का लेखपाल वीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुटे रहे। (संवाद)
शॉर्ट सर्किट से पांच बीघा फसल राख
तिलोई (अमेठी)। तिलोई तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवानीपुर में तेज हवा के चलते खेतों के बीच से गई 11 हजार वोल्ट की लाइन पर शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की लपट देख दौड़े ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। बावजूद इसके फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्यूबवेल से पानी की बौछार आदि की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया।
जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक किसान रामसेवक रावत की करीब चार बीघा व रामकुमार तिवारी की एक बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर हल्का लेखपाल वेद प्रकाश मिश्र मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपने की बात कही है। एसडीएम शिवानी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ितों को सहायता राशि मुहैया कराई जाएगी।