गौरीगंज (अमेठी)। मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए घर बैठे मतदान की सुविधा जिले के अधिकांश दिव्यांग व बुजुर्ग नहीं लेना चाहते हैं। अभियान में महज 265 बुजुर्ग व 119 दिव्यांगों ने घर बैठ मतदान करने की इच्छा जाहिर की है। घर से मतदान करने के इच्छुक बुजुर्ग व दिव्यांगों से डोर-टू-डोर मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन ने 30 टीम गठित की हैं। टीमें वीडियो कैमरे की निगरानी में घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान करने के लिए सील्ड लिफाफा कोषागार में जमा करेंगी।
निर्वाचन कार्यक्रम जारी करने के बाद आयोग ने मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरुकता कार्यक्रम संचालित करने के साथ बुजुर्ग व निशक्त मतदाताओं को पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सुविधा देने की योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए मतदाता पुनरीक्षण अभियान में बूथवार 80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 16,607 बुजुर्ग व 7143 दिव्यांगों से अभियान संचालित कर फॉर्म 12-डी जिला प्रशासन ने भरवाया था।
अभियान में गौरीगंज में 68 बुजुर्ग तो 15 निशक्त, अमेठी में 58 बुजुर्ग व 13 निशक्त, तिलोई में 85 बुजुर्ग व 46 निशक्त तथा जगदीशपुर में 54 बुजुर्ग व 45 निशक्त ने घर से मतदान करने की इच्छा जाहिर करते हुए अनुमति फॉर्म भरा है। अनुमति फॉर्म भरने के बाद घर से मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन ने 30 संयुक्त टीमें गठित की है। टीम अनुमति फॉर्म भरने वाले मतदाता के घर जाकर वीडियो कैमरे की निगरानी में पोस्टल बैलेट से मतदान कराने के बाद सील्ड लिफाफे को कोषागार में जमा करेंगी।
शेष बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता 27 फरवरी को बूथ पर जाकर मतदान करेंगे। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट फाल्गुनी सिंह ने बताया कि डोर-टू-डोर चिह्नित मतदाताओं से मतदान हो सके इसके लिए माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ पीठासीन व मतदान अधिकारी तो एक वीडियोग्राफ्र व सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मियों की टीम गठित की गई है।
टीम के अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र के सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट भी घर से मतदान प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। मतदान के बाद सील्ड लिफाफों को सुरक्षा के बीच कोषागार में जमा करने के साथ दस मार्च को मतगणना स्थल पहुंचाकर गणना कराई जाएगी। घर से मतदान नहीं करने वाले बुजुर्ग व दिव्यांगों को बूथों पर विशेष सुविधा के तहत मतदान करने की व्यवस्था दी जाएगी।
265 बुजुर्ग मतदाता पाएंगे सुविधा
अतिरिक्त मजिस्ट्रेट फाल्गुनी सिंह ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तिलोई विधानसभा क्षेत्र में 4413, जगदीशपुर में 4393, गौरीगंज में 3451 तथा अमेठी में 4,50 समेत कुल 16,607 मतदाता 80 वर्ष से अधिक के हैं। 16,607 मतदाताओं से अनुमति फॉर्म 12-डी भरवाने के लिए टीम भेजी गई थी। लेकिन गौरीगंज में 68, अमेठी में 58, तिलोई में 85 व जगदीशपुर में 54 बुजुर्ग ने घर से मतदान करने की अनुमति का फॉर्म भरा है।
विधानसभावार निशक्त मतदाता
विधानसभा निशक्त घर से वोटिंग वाले मतदाता
तिलोइ 1867 15
जगदीशपुर 2046 13
गौरीगंज 1630 46
अमेठी 1600 45
............................................................................
योग 7143 119
............................................................................