गौरीगंज (अमेठी)। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए 28 जुलाई से बाल स्वास्थ्य पोषण माह संचालित करा रहा है। नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन एक की कुल नौ खुराक पिलाई जानी है। इसके लिए जिले में कुल तीन लाख 13 हजार 717 बच्चे चिह्नित किए गए हैं।
जिले में 28 जुलाई से बाल स्वास्थ्य पोषण माह संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए उन्हें विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) के माध्यम से विटामिन-ए की खुराक बच्चों को एक सुनिश्चित योजना के अनुसार दी जाएगी। अभियान में जिले के कुल तीन लाख, 13 हजार 717 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
कहा कि विभाग के पास विटामिन-ए दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक सुनिश्चित कार्य योजना बनाकर बच्चों की सूची तैयार कर उन्हें खुराक पिलाने का काम करेंगे। कहा कि कोरोना से बचाव के लिए शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता का होना बहुत ही महत्वपूर्ण है।
एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि बच्चों को कुल नौ खुराक की डोज दी जाएगी। कहा कि नौ माह के बच्चों को एक एमएल तो 16 से 24 माह के बच्चों को दो एमएल की डोज दी जाएगी। इसके बाद प्रत्येक छह माह पर उन्हें नियत तिथि व स्थान पर नौ खुराक पूरा होने तक डोज दी जाएगी।