गौरीगकंज (अमेठी)। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में लंबे समय से जर्जर पड़े जिले के 18 मार्गों का जल्द ही चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस पर करीब 217 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। स्मृति ईरानी द्वारा इन सड़कों का प्रस्ताव डिप्टी सीएम को देने के बाद माना जा रहा है कि सभी सड़कों के वित्तीय व प्रशासनिक आगणन को जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।
सड़क के क्षेत्र में बड़े काम होने के बावजूद सभी विधानसभा क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण सड़कें लंबे समय से जर्जर पड़ी हैं। इन सड़कों पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी कठिन है। लोगों की मांग पर गत 25 दिसंबर को जनविश्वास रैली में शामिल होने नवोदय विद्यालय आए डिप्टी सीएम व पीडब्ल्यूडी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एक प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव में बेहद जर्जर 18 सड़कों का नाम एवं लंबाई का विवरण था।
केशव मौर्य ने मंच से कहा था कि जितनी सड़कों का प्रस्ताव उन्हें दिया गया है उन सभी की स्वीकृति के साथ बजट भी विधानसभा चुनाव की अधिसूचना से पहले जारी हो जाएगा। केशव मौर्य के आश्वासन के बाद इसकी कवायद भी शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि शासन से एक दो दिन में इसका डीपीआर मांगा जाने वाला है। डीपीआर जाते ही सड़कों को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिल जाएगी।
गौरीगंज व तिलोई में बनेंगी छह-छह सड़कें
जिन सड़कों पर वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति की कवायद चल रही है उनमें गौरीगंज व तिलोई में छह-छह, अमेठी में पांच व जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में महज एक सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव है।
पांच नई सड़कों का प्रस्ताव
जिन सड़कों का प्रस्ताव भेज गया है उनमें पांच नई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा दो बड़ी सड़कों का सुदृढ़ीकरण होगा। साथ ही नौ सड़कें 5.5 मीटर चौड़ी व दो सड़कें सात मीटर चौड़ी बनाई जाएंगी। इन सड़कों के बनने से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन सुगम हो सकेगा।
पांच व सात मीटर चौड़ी होंगी यह सड़कें
प्रस्ताव मेें जिन पांच सड़कों के 5.5 मीटर चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराने की बात कही गई है उनमें शहर के पांडेय का पुरवा से साइंस कॉलेज होते हुए टिकरिया के पास निकलने वाला मार्ग (लंबाई 2.90 किलोमीटर व लागत चार करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपये) भी शामिल है। इसके अलावा काजीपटी-दुर्गन-मनीपुर-पंडरी मार्ग का शेष भाग (लंबाई 6.72 किलोमीटर व 11 करोड़ सात लाख 98 हजार रुपये), माधोपुर पंडरी से टिकरिया-रघ्घूपुर-पूरे शुकुल मार्ग (लंबाई 14.40 मीटर लंबा व लागत 15.18 करोड़ रुपये), वारिसगंज-जामो मार्ग (8.20 किलोमीटर लंबा व 13.53 करोड़ रुपये की लागत), मिसरौली-कसारा मार्ग (लंबाई 7.20 किलोमीटर व 11.88 करोड़ रुपये), ठेगहा-अम्मरपुर-छाछा मार्ग (लंबाई 6.40 किलोमीटर व लागत 10.56 करोड़ रुपये), पीपरपुर-कल्यानपुर-भेटुआ मार्ग (13.58 किलोमीटर, लागत 22 करोड़ 40 लाख 70 हजार रुपये) व जामो-भादर-छीड़ा मार्ग का अवशेष (लंबाई 11.10 किलोमीटर व लागत 18 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये) शामिल है। साथ ही जिन दो सड़कों के सात मीटर चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव है उनमें मुसाफिरखाना-इसौली मार्ग (लंबाई 5.65 किलामीटर व लागत नौ करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये) व अमहट-भादर मार्ग (लंबाई 11.10 किलोमीटर व लागत 20 करोड़ 53 लाख 50 हजार रुपये) शामिल हैं।
नई व सुदृढ़ीकरण में शामिल सड़कें
जिन दो सड़कों का सुदृढ़ीकरण होगा उनमें महराजगंज-इन्हौना मार्ग के किलोमीटर संख्या 17.200 से 27.400 किलोमीटर (लंबाई 10.20 किलोमीटर व लागत 15 करोड़ 70 लाख 80 हजार रुपये) व जायस-मोहनगंज-इन्हौना-रुदौली मार्ग किलोमीटर 32.200 से 50.200 किलोमीटर (लंबाई 18 किलोमीटर व लागत 26.50 करोड़ रुपये) शामिल हैं। इनके अलावा जिन नई सड़कों का प्रस्ताव किया गया है उनमें सुनराई से पश्चिम तिलोई होते हुए पूरे रानी (चार किलोमीटर लगात 2.60 करोड़ रुपये), शंकरगंज से दान वैश्य का पुरवा होते हुए बहादुरपुर मार्ग (लंबाई पांच किलोमीटर व लागत 3.25 करोड़ रुपये), तिलोई-सिंहपुर मार्ग के किलोमीटी संख्या सात से बरसिंहपुर-पूरे अलादीन-राज फत्तेपुर मार्ग (लंबाई तीन किलोमीटर व लागत 1.95 करोड़ रुपये), तिलोई-सिंहपुर मर्गा के किलोमीटर नौ से नहर की पटरी होते हुए रस्तामऊ संपर्क मार्ग (लंबाई पांच किलोमीटर व लागत 3.25 करोड़ रुपये) तथा मिर्जागढ़ प्राथमिक स्कूल से पूरे दमवंत सिंह का पुरवा होते हुए रामशाला से शंकरगंज मार्ग (लंबाई पांच किलोमीटर व लागत 3.25 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
जल्द मिलेगी स्वीकृति
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि अमेठी सांसद के प्रयास से सभी सड़कों को स्वीकृति मिलने की कवायद शुरू हो चुकी है। जल्द ही सभी सड़कों के लिए बजट भी जारी हो जाएगा।