महरुआ। थाना क्षेत्र के दरबपुर गांव में ससुराल में रह रहे युवक की सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई ने पुलिस को केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
अहिरौली थाना क्षेत्र के बैजपुर गांव निवासी आशाराम यादव (35) विवाह के बाद से ही महरुआ थाना अंतर्गत दरबपुर गांव स्थित ससुराल में रह रहा था। बताया जाता है कि सोमवार देर शाम जब वह बाहर से घर पहुंचा तो उसकी तबियत अचानक खराब हो गई। उसे पेट में तेज दर्द के साथ उल्टी हो रही थीं। गंभीर हालत में घरवाले ग्रामीणों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाद में मृतक के भाई बैजपुर निवासी जयप्रकाश ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। इसमें आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई को शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। एसओ विवेक कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। युवक की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।