अंबेडकरनगर। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह ने निर्देशक प्रसार प्रोफेसर एपी राव के साथ कृषि विज्ञान केंद्र पांती का औचक निरीक्षण किया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना द्वारा वित्त पोषण के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र परिसर व प्रक्षेत्र की बाउंड्रीवाल आदि का गहनता से जायजा लिया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने गुणवत्ता के साथ काम कराने का निर्देश दिया।
विश्वविद्यालय कुलपति डॉ. विजेंद्र सिंह ने फसल कैफेटेरिया, तकनीकी पार्क सहित मत्स्य पालन इकाई, वर्मी कंपोस्ट, नाडेप कंपोस्ट की इकाई, बहुवर्षीय हरा चारा, नेपियर घास पौधरोपण कार्य प्रगति का भी अवलोकन किया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉॅ. रामजीत ने केंद्र की गतिविधियों एवं कार्य योजना के बारे में जानकारी दी।
वैज्ञानिक पादप सुरक्षा डॉ. प्रदीप कुमार, कार्यक्रम सहायक प्रक्षेत्र प्रबंधक व प्रभारी उद्यान वैज्ञानिक डॉ. रामकुमार, कार्यालय अधीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, कार्यक्रम सहायक कंप्यूटर शशि प्रभा आनंद के समक्ष परिसर की विकास तथा प्रक्षेत्र सुधार के लिए आवश्यक सुझाव एवं दिशा निर्देश दिए गए। भ्रमण के दौरान प्रशासनिक भवन प्रशिक्षण हाल तथा किसान भवन की मरम्मत तथा सिविल कार्य-भवन सुधार व साज-सज्जा के साथ-साथ किसान भाइयों को नवीनतम तकनीकी जानकारी प्रदान कराते हुए कृषक आय बढ़ाने के लिए कुलपति ने निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता ओम प्रकाश सिंह, सहायक अभियंता एसएस सिंह ने पैक्सफेड के अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार वर्मा की उपस्थिति में कृषि विज्ञान केन्द्र पांती में हो रहे चारदीवारी निर्माण का अवलोकन किया।