अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत जमुनीपुर नहर के निकट पटरी पर शनिवार को सुबह एक अज्ञात पुरुष व महिला के बेहोशी की दशा में पाए जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समाचार प्रेषण तक दोनों को होश नहीं आ सका था।
सुबह कुछ ग्रामीण जमुनीपुर नहर की तरफ गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। नहर के किनारे पटरी पर एक अधेड़ पुरुष व महिला बेहोशी की दशा में पड़े हुए थे। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दोनों की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच जानकारी होने पर डायल 112 के सिपाही मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जाता है कि पुरुष की उम्र लगभग 55 वर्ष, जबकि महिला की उम्र लगभग 50 साल है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों या तो जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुए हैं या फिर उन्होंने स्वयं विषाक्त पदार्थ खाया है। उधर, सीएमएस ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों का इलाज चल रहा है। समाचार प्रेषण तक उन्हें होश नहीं आ सका था। होश में आने के बाद ही स्पष्ट जानकारी हो सकेगी कि उनके साथ क्या घटना घटी।