अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, वहीं छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अरई गांव निवासी संचित अपनी भाभी मंजू (22) पत्नी अंकित कुमार को बाइक से उनके मायके पहुंचाने बसखारी जा रहा था। इसी बीच जोलहापुर गांव के निकट चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे मंजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे देवर अंकित को मामूली चोटें आई। कोतवाल दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा
अहिरौली थाना क्षेत्र के खेमापुर गांव निवासी रीता देवी (45) रविवार को दोपहर खेमापुर मोड़ के निकट सड़क पार कर रही थी। इसी बीच उधर से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी कटेहरी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। इसी थाना क्षेत्र के मिझौड़ा निवासी मोहम्मद इमरान (36) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। बसखारी निवासी रामकुमार (42) शनिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाने के दौरान मसड़ा के पास जीप की टक्कर से जख्मी हो गया।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्कीबाजार निवासी राजितराम (52) रविवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय नगर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। हजपुरा निवासी गोविंद (30) शनिवार देर शाम बाइक से सम्मनपुर से घर जाने के दौरान गांव के निकट टैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से जख्मी हो गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा निवासी मिट्ठू लाल (30) रविवार सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।