श्रवणक्षेत्र। श्रवणक्षेत्र धाम स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के निकट रविवार को दोपहर बड़ा हादसा होते-होते बचा। बताया जाता है कि बिजली सप्लाई के लिए खींचा गया जर्जर विद्युत तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत यह रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। बाद में नागरिकों की सूचना पर विद्युत आपूर्ति ठप की हुई। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। तार टूटने से लगभग पांच हजार आबादी की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है। नागरिकों ने इसे अविलंब दुरुस्त कराए जाने की मांग की है।
अकबरपुर तहसील क्षेत्र के श्रवणक्षेत्र धाम में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जबकि अन्नावां पहितीपुर मार्ग बिसुही नदी के किनारे स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास अचानक विद्युत सप्लाई के लिए खींची गई एलटी लाइन का जर्जर विद्युत तार टूटकर सड़क पर गिर गया। इसकी सूचना स्थानीय नागरिकों ने तत्काल विद्युत उपकेंद्र को दी। कुछ देर बाद आपूर्ति बाधित होने के बाद आवागमन बहाल हो सका। विद्युत तार टूटकर गिरने पर नागरिकों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। कहा कि विद्युत तार लंबे समय से जर्जर है। कई बार इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए इसे बदलने की मांग की गई, लेकिन विद्युत विभाग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते ही इस तरह के हादसे हो रहे हैं। गनीमत रही कि कोई विद्युत तार की चपेट में नहीं आया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
विद्युत तार टूटकर गिर जाने से बैजपुर, इटहिया, हरिवशपुर, रमनी, रानीपुर, पीठापुर सरैया, कुडिय़ा चितौना आदि गांवों की लगभग पांच हजार आबादी की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। नागरिकों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त तार को दुरुस्त कर अविलंब आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है। उधर, अधिशाषी अभियंता विद्युत वीके पटेल ने बताया कि बिजली तार बदलने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बिजजी बहाल कर दी जाएगी।