अंबेडकरनगर। अकबरपुर बसखारी मार्ग से कचहरी जाने वाले व्यस्ततम मार्ग के चौड़ीकरण की परियोजना को शासन ने हरी झंडी दे दी है। शासन ने एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर तैयार की गई परियोजना को मंजूर करते हुए 2.89 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले करीब 50 हजार लोगों को सहूलियत मिलेगी।
बहराइच-अयोध्या-आजमगढ़ मार्ग के किलोमीटर 178 से कचहरी मार्ग तक करीब 900 मीटर लंबा मार्ग है। इस मार्ग से जनपद न्यायालय, जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, जिला अस्पताल, जिला पंचायत कार्यालय, तहसील अकबरपुर जैसे प्रमुख कार्यालय हैं। साथ ही जनपद न्यायाधीश का आवास, ऑफिसर्स कॉलोनी, सीडीओ, एडीएम व एसडीएम आवास भी हैं। प्रतिदिन करीब 50 हजार लोगों का यहां से आवागमन होता है।
मौजूदा समय में सड़क की चौड़ाई करीब पांच मीटर ही है। यहां कई लोगों ने अतिक्रमण भी कर रखा है, इससे सड़क और संकरी हो गई है। भाजपा कार्यालय के निकट और विकास भवन के सामने आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। बड़ी संख्या में एंबुलेंस को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने 3.62 करोड़ की कार्ययोजना शासन को भेजी थी।
सोमवार को इसे मंजूर करने के साथ ही 2.89 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। एक्सईएन सौरभ सिंह ने बताया कि बजट जारी हो गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।