अंबेडकरनगर। जिले के लगभग चार लाख किसानों के लिए खुशखबरी है। एक अप्रैल से चार एजेंसियों के 49 केेंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू होगी। सरकार ने गेहूं खरीद के लिए इस बार गत वर्ष के सापेक्ष समर्थन मूल्य में 40 रुपये की वृद्धि की है, जिसका लाभ जिले के किसानों को मिलेगा। किसानों के गेहूं की खरीद दो हजार 15 रुपये प्रति क्विंटल की जाएगी। गेहूं खरीद के लिए जरूरी गाइडलाइन भी यहां पहुंच गई है। गेहूं की खरीद के लिए खाद्य एवं विपणन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। क्रय केंद्रों पर जहां कांटा, बोरा आदि की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, वहीं किसानों से ऑनलाइन पंजीयन कराने का भी आह्वान किया गया है।
धान खरीद खत्म होने के साथ ही खाद्य एवं विपणन विभाग ने अब गेहूं खरीद की तैयारी शुरू कर दी है। शासन के निर्देश के क्रम में एक अप्रैल से जिले में गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। इस बार केंद्र सरकार ने गेहूं के समर्थन मूल्य में गत वर्ष के सापेक्ष 40 रुपये की वृद्धि की है। गत वर्ष जहां सरकार ने 1975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं की खरीद की थी, वहीं इस बार 40 रुपये की वृद्धि करते हुए दो हजार 15 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं की खरीद के लिए समर्थन मूल्य घोषित किया है। ऐसे में सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचकर जिले के लगभग तीन लाख 95 हजार किसान इसका लाभ उठा सकेंगे।
जिले में लगभग एक लाख 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की बोआई हुई है। शासन के निर्देश पर खाद्य एवं विपणन विभाग ने जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में गेहूं की खरीद के लिए चार एजेंसियों के 49 केंद्र नामित कर दिए गए हैं। विभाग ने इन क्रय केंद्रों पर कांटा व बोरा आदि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही ऑनलाइन पंजीयन का कार्य भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बगैर पंजीयन के किसी किसान के गेहूं की खरीद नहीं होगी।
इन एजेंसियों को किया गया नामित
शासन ने जिले में सुचारु गेहूं खरीद के लिए कुल चार एजेंसियों को नामित किया है। इन एजेंसियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कुल 49 केंद्र खोले जाएंगे। इसमें खाद्य विभाग की ओर से 10 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। नवीन सब्जी मंडी सिझौली में दो क्रय केंद्र, इसके अलावा सभी ब्लॉक मुख्यालय कटेहरी, भीटी, टांडा, बसखारी, जलालपुर, भियांव, रामनगर, जहांगीरगंज में एक-एक केंद्र स्थापित होगा। पीसीएफ द्वारा 37 क्रय केंद्र जिले में खोले जाएंगे। इसमें साधन सहकारी समिति लोदीपुर, जल्लापुर मसेड़ा, बरियावन, ताराखुर्द, कुर्चा, बहोरिकपुर, रामपुर सकरवारी, लालापुर, औरंगनगर, डोमनेपुर, असाइतपुर कला, सुमेरपुर, जलालपुर परशुराम, बड़ागांव काजी, दौलतपुर महमूदपुर, दाउदचक, चितवई, बसखारी, तरसपुर तिलकारपुर, बसहिया, मैनुद्दीनपुर, खजुरी करौंदी, बड़ागांव, अरई, जीवत, बड़ेपुर, रेवई, पैकोली, किशुनपुर कबिरहा, बसहिया गंगासागर, मूसेपुर, तेंदुआ, सैथुआ, राजेपुर, देवरिया पंडित, ऐनवां इंदलपुर साधन सहकारी समिति पर क्रय केंद्र खुलेंगे। मंडी समिति व भारतीय खाद्य निगम की ओर से एक-एक केंद्र नवीन सब्जी मंडी सिझौली में खोले जाएंगे।
किसानों ने जताया असंतोष
बढ़ती महंगाई के बीच गेहूं के समर्थन मूल्य में महज 40 रुपये की वृद्धि किए जाने को किसानों ने नाकाफी बताया है। कहा कि डीजल सहित अन्य सामानों के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से लागत खर्च काफी बढ़ गया है। ऐसे में किसानों को गेहूं उत्पादन का वाजिब मूल्य मिले, इसके लिए कम से कम प्रति क्विंटल 200 रुपये की बढ़ोत्तरी होनी चाहिए थी। अकबरपुर के किसान मंगल वर्मा, सालिकराम व मरथुआ सरैया के जगदीश सिंह व रामनिरंजन पांडेय आदि का कहना है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए गेहूं के समर्थन मूल्य में कम से कम 150 से 200 रुपये की वृद्धि करनी चाहिए थी। गत वर्ष के मुताबिक डीजल, खाद व अन्य सामानों के दाम में तेजी से वृद्धि हुई है। ऐसे में लागत खर्च भी बढ़ा है। किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिले, इसके लिए दाम में जरूरी बढ़ोत्तरी किए जाने की जरूरत है। किसानों ने सरकार से समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग की है।
की जा रहीं तैयारियां
एक अप्रैल से जिले के सभी 49 केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। इसके लिए केंद्रों पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। केंद्रों की जियो टैगिंग करने के साथ ही कांटा, बोरा व अन्य व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने का निर्देश दिया गया है। अगले सप्ताह से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में किसान अपना आवेदन प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराएं।
-राजेश कुमार, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी