कटेहरी (अंबेडकरनगर)। ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को मनरेगा का भुगतान करने में मनमानी का आरोप लगाते हुए कई ग्राम प्रधानों व ठेकेदारों ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि मनमाने ढंग से भुगतान किया जा रहा है। जबकि यह भुगतान नियमों के अनुरूप होना चाहिए। डीएम अविनाश सिंह ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि लंबित भुगतान प्राथमिकता पर शासकीय नियमों की परिधि में किए जाएं।
लोकसभा चुनाव के बाद अब मनरेगा योजना में भुगतान के लिए धनराशि पहुंची है। अब इसी का भुगतान पाने के लिए अलग अलग ब्लॉकों में मारामारी की स्थिति है। कटेहरी ब्लॉक में एक दिन पहले कई ग्राम पंचायतों को लेकर भुगतान हुआ। इन सबके बीच शुक्रवार को ब्लॉक पर पहुंचे कई प्रधानों व ठेकेदारों का कहना था कि कर्मचारियों द्वारा भुगतान में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। कुछ खास लोगों को ही प्राथमिकता मिल रही है। ब्लॉक में जमकर हंगामा हुआ।
इसकी खबर सोशल मीडिया के माध्यम से डीएम को मिली तो उन्होंने अधिकारियों को तलब कर लिया। कहा कि भुगतान में जो शासकीय नियम हैं उनका पालन हो लेकिन यह भी ध्यान रखा जाए कि जो लंबित भुगतान हैं उन्हें नजरअंदाज न किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की मनमानी नहीं दिखनी चाहिए। डीएम ने ऐसा होने पर वैधानिक कार्रवाई करने तक की चेतावनी अफसरों को दी। (संवाद)