आलापुर। प्रदेश सरकार के तमाम प्रयास के बावजूद भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। डीएम के बीते दिनों सख्त निर्देश के बाद भी आलापुर तहसील में तैनात एक लेखपाल का घूस लेने से संबंधित वीडियो व आडियो वायरल हुआ। लेखपाल का वीडियो व आडियो वायरल होने के इस मामले को तहसील प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर अलग-अलग कई वीडियो व आडियो वायरल हुए। वीडियो में दावा किया गया कि तहसील का लेखपाल एक व्यक्ति से वरासत के नाम पर रुपयों की मांग कर रहा है। इसी तरह अन्य वीडियो में लेखपाल द्वारा अलग-अलग व्यक्तियों से काम के लिए पैसों की बात की जा रही है। इतना ही नही सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति किसी व्यक्ति के पास फोन पर बात कर रहा है, और कहा रहा है कि आवास पर आकर मिल लो। सेवा पानी करना पड़ेगा। इसके बाद तुम्हारा काम हो जाएगा।
दूसरी तरह से युवक पूछता है कि सेवा पानी का क्या मतलब तो कहा जाता है कि पहले आवास पर आओ। इतना ही नही फोन पर बात कर रहा युवक तहसील के अधिकारियों तक को मैनेज करने की बात कर रहा है। एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव के निर्देश पर तहसीलदार बृजेश वर्मा ने मामले की जांच शुरू कर दी है।