अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण को पूरी तरह से जड़ से समाप्त करने व कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोकने के लिए जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान में तेजी आयी है। निर्धारित बूथों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में संचालित विशेष शिविरों में जागरूकता के साथ ही टीका लगाया जा रहा है। अधिक से अधिक नागरिकों को टीका लग सके, इसके लिए केंद्रों के साथ ही बूथों की संख्या को भी बढ़ा दिया गया है।
शुक्रवार को भी जिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए सुबह से ही नागरिकों व युवाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो अपराह्न तक जारी रहा। टीका लगवाने वालों में युवाओं की संख्या काफी अधिक रही। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर, सभी सीएचसी व पीएचसी भी पहुंचने वाले नागरिकों को टीका लगाया गया। इस दौरान कुछ केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग दरकिनार मिली। टीका लगवाने के लिए अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए ही पहुंचे। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने सभी से टीकाकरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।