अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा बुधवार को संपन्न हो गई हैं। आखिरी दिन हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को उर्दू, अंग्रेजी और कृषि गणित की परीक्षा दी। इसमें 32,504 परीक्षार्थियों के मुकाबले कुल 31,104 शामिल हुए, जबकि 1400 छात्र छात्राएं अनुपस्थित रहे।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से 113 केंद्रों शुरू हुई थीं। इसमें हाईस्कूल के 35,254 व इंटर के 36,114 विद्यार्थियों को शामिल होना था। 17 दिनों तक चली बोर्ड परीक्षा के दौरान अधिकारियों की सक्रियता के चलते कहीं भी नकल का मामला सामने नहीं आया। बुधवार को पहली पाली में हाईस्कूल की उर्दू विषय की परीक्षा हुई।
यह परीक्षा 97 केंद्रों पर हुई, जिसमें 2530 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 135 अनुपस्थित रहे। वहीं, व्यावसायिक वर्ग की इंटरमीडिएट की परीक्षा 97 केंद्रों पर हुई। इसमें पंजीकृत 530 के मुकाबले 509 विद्यार्थी उपस्थित और 21 अनुपस्थित रहे। 113 केंद्रों पर दूसरी पाली में अंग्रेजी और कृषि गणित की परीक्षा हुई। इसमें 29,309 के मुकाबले 28065 उपस्थित और 1244 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस गिरीश सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं संपन्न हो गई हैं। मूल्यांकन को लेकर तैयारियां भी कर ली गई हैं। मूल्यांकन शुरू होने से पहले सभी परीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।