फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारूद में विस्फोट से दो घर क्षतिग्रस्त, मासूम समेत महिला जख्मी

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के भीटी में बारूद फटने के बाद मौके पर जमा ग्रामीणों की भीड़। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
भीटी। थरिया कला ग्राम पंचायत में बुधवार देर शाम बारूद में विस्फोट होने से दो घर क्षतिग्रस्त हो गए। एक परिवार की महिला अपने मासूम पुत्र समेत घायल हो गई। दोनों को सीएचसी भीटी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जाती है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम व थानाध्यक्ष भीटी के अलावा एएसपी ने मौके पर पहुंचकर जरूरी छानबीन की। शुरुआती जांच में पता चला कि सुतली बम बनाने के लिए रखे गए बारूद में विस्फोट होने से यह हादसा हुआ है।
विज्ञापन

भीटी कोतवाली अंतर्गत थरिया कला ग्राम पंचायत के खुझिया गांव में बुधवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब ग्रामीणों को तेज धमाके की आवाज सुनाई पड़ी। अचानक हुए धमाके से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। इसी बीच ग्रामीणों को गांव निवासी सिद्धू उर्फ अब्दुल जब्बार के घर से चीख पुकार की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि अब्दुल जब्बार का घर बारूद के धमाके से क्षतिग्रस्त हो गया था। धमाका इतनी तेेज था कि उसकी आवाज आसपास के कई गांवों तक सुनाई पड़ी। धमाके के चलते अब्दुल जब्बार का घर क्षतिग्रस्त होने के अलावा पड़ोसी मिट्ठू का घर भी क्षतिग्रस्त हुआ। न सिर्फ कई दीवारें भरभराकर गिर पड़ीं वरन छत का एक हिस्सा भी गिर गया।
इस हादसे में अब्दुल जब्बार की बहू शाहिदा बानो (23) और शाहिदा का डेढ़ वर्षीय पुत्र रिजवान घायल हो गए। दोनों को आननफानन भीटी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जाती है। भीटी कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि गांव निवासी अब्दुल जब्बार के नाम पटाखा बिक्री आदि का लाइसेंस है। यह लोग शादी विवाह आदि के लिए सुतली बम व अनार आदि बनाकर बिक्री करते हैं। इसी के लिए रखे गए बारूद में बुधवार शाम अचानक विस्फोट हो गया। कोतवाल के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि किसी चिंगारी की वजह से विस्फोट हुआ या फिर किसी अन्य कारण से। घटना में महिला व उसका पुत्र घायल हुआ है। अब तक की जानकारी के अनुसार दीवार आदि गिरने से ईंटों के चलते ही चोट लगी है। जरूरी छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन

मौके पर जुटी भारी भीड़
थरिया कला गांव में हादसा होते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण एकत्र हो गए। आसपास गांवों के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसी बीच थानाध्यक्ष भीटी संजय पाण्डेय ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर जरूरी छानबीन की। उन्होंने संबंधित लाइसेंस धारक से बात करने के अलावा अन्य ग्रामीणों से भी पूछताछ की। कुछ देर बाद ही एसडीएम भीटी संतोष ओझा व सीओ भीटी रुक्मणी वर्मा भी गांव पहुंचीं। इन दोनों अधिकारियों ने भी आवश्यक जानकारी एकत्र की। इसके बाद एएसपी संजय राय ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों ने मौके की वीडियोग्राफी करने के साथ ही फोटो आदि भी लिया।
बारूद व मात्रा की शुरू हुई जांच
कोतवाल भीटी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि अब्दुल जब्बार के नाम लाइसेंस था। लेकिन इस बात की जांच शुरू कर दी गई है कि उसके पास जो लाइसेंस है। उसके अनुरूप बारूद मौजूद था या उससे ज्यादा। यह जांच भी की जा रही है कि बारूद की क्षमता क्या थी। जो विस्फोट हुआ है, उसमें शामिल बारूद कहां से आया था। कोतवाल ने बताया कि प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच होगी। इसके बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।

अंबेडकरनगर के भीटी में बारूद फटने के चलते क्षतिग्रस्त हुआ घर।- फोटो : AMBEDKAR NAGAR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें