अंबेडकरनगर। बेवाना पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक बाइक बरामद हुई। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की चार अन्य बाइकें बरामद कर लीं।
बेवाना पुलिस ने गुरुवार को थानाध्यक्ष पंडित त्रिपाठी के नेतृत्व में रामपुर सकरवारी में अशरफाबाद दड़िया मोड़ के निकट चेकिंग अभियान चला रखा था। इसी बीच बाइक से दो लोग अकबरपुर से रामपुर सकरवारी की तरफ आते दिखाई दिये। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद हुई।
पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपियों ने बाइक चोरी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। बाद में उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की चार अन्य बाइकें भी बरामद कर लीं। आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र निवासी समैसा कोतवाली अकबरपुर तथा प्रदीप सिंह निवासी मोमिनपुर थाना बेवाना के तौर पर हुई। जरूरी प्रक्रिया के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।