अंबेडकरनगर। शहर की साफ सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही 62 लाख की कीमत से एक हाइड्रोलिक मशीन खरीदी जाएगी। अकबरपुर नगर पालिका परिषद की तरफ से संचालित इस कवायद से जलभराव की परेशानी झेल रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। यह मशीन संकरी गलियों में भी आसानी के साथ प्रवेश कर गंदगी व कूड़े के कारण चोक पड़े नाले नालियों की बेहतर तरीके से साफ सफाई कर सकेगी। इससे नगर क्षेत्र में होने वाले जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।
नालियों की साफ सफाई न होने के कारण हल्की सी बारिश में भी अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों व मार्गों पर जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। बीते साल बरसात के मौसम में नगर पालिका परिषद क्षेत्र के लोगों को जगह जगह हुए जलभराव के कारण सर्वाधिक परेशानी हुई थी। कई वार्डों में तो जलभराव की परेशानी से छुटकारा पाना में कई दिन लग गए थे। इससे परेशान व नाराज क्षेत्रीय लोगों ने जलभराव की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराए जाने की आवाज जोरदार तरीके से उठाई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद अकबरपुर प्रशासन ने अब इस परेशानी से छुटकारा दिलवाने की ठोस कवायद शुरू की है।
पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि जलभराव व सफाई की समस्या को दूर करने के लिए 15वें वित्त आयोग की मद से जल्द ही 62 लाख की लागत से हाइड्रोलिक एक्सवेयर मशीन की खरीद की जा रही है। इस मशीन के आ जाने से शहर की सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाते हुए नाले व नालियों की विशेष साफ सफाई का अभियान चलाया जाएगा।
इस मशीन के माध्यम से नालियों व नालों को ज्यादा गहराई तक साफ कर उसमें जमा गंदगी व कूड़े कचरे हटाने जल भराव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी। अकबरपुर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सरिता गुप्ता ने बताया कि बरसात से पहले ही जलभराव की समस्या से प्रभावी तौर पर छुटकारा दिलाने के लिए नालों व नालियों की साफ सफाई को विशेष तौर पर हाइड्रोलिक मशीन की खरीदी प्रक्रिया को जल्दी पूरा कराया जाएगा।