अंबेडकरनगर। सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए होने वाली मतगणना के दौरान जिला मुख्यालय पर सुचारु आवागमन के लिए यातायात विभाग ने भी तैयारी पूरी कर ली है। दो स्थानों पर मतों की गणना के चलते इस बार अकबरपुर टांडा व अकबरपुर बसखारी मार्गों पर प्रतिबंधों के बीच आवागमन होगा। व्यावसायिक वाहनों को इधर से गुजरने की अनुमति नही होगी। इन वाहनों के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। मतगणना स्थल तक सिर्फ प्रत्याशी अपना एक वाहन ले जा सकेंगे। अन्य किसी को वाहन ले जाने की अनुमति नही होगी। मतगणना स्थल पहुंचने के लिए सभी को यातायात व पुलिसकर्मियों द्वारा बनाए जाने वाले तीन बैरियर से गुजरना होगा। यह व्यवस्था गुरुवार सुबह 6 बजे से लागू हो जाएगी, जो मतगणना कार्य समाप्ति तक रहेगी।
विधानसभा चुनाव के मतों की गणना बृहस्पतिवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर व एकलव्य स्टेडियम अकबरपुर में होगी। अकबरपुर, टांडा व कटेहरी की मतों की गणना राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी, जबकि आलापुर व जलालपुर विधानसभा चुनाव के मतों की गणना एकलव्य स्टेडियम में होगी। मतगणना स्थल के निकट से होकर गुजरने वाले मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों के लिए डायवर्जन रहेगा। निजी वाहन धारक व बाइक सवार प्रतिबंधों के बीच आवागमन कर सकेंगे। मतगणना स्थल के दोनों तरफ सड़क पर यातायात व सिविल पुलिसकर्मियों का 3-3 स्थानों पर बैरियर होगा। जांच पड़ताल के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति होगी। साथ ही उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में कहीं पर अपने वाहन रोकने की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसा कोई करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस टीम के साथ ही यातायात विभाग ने भी तैयारी पूरी कर ली है। यातायात विभाग के टीआई समेत कुल 25 पुलिसकर्मी यातायात सुचारु करने के लिए ड्यूटी में मुस्तैद होंगे। इसमें एसआई रवींद्र कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी ज्वाला प्रसाद गुप्त व अशोक गुप्त आदि शामिल हैं।
यातायात प्रभारी शिवदीपक सिंह ने बताया कि मतगणना कार्य को देखते हुए अकबरपुर टांडा व अकबरपुर बसखारी मार्ग पर प्रतिबंधों के बीच आवागमन होगा। बताया कि व्यावसायिक व सवारी वाहनों को डायवर्ट किया गया है। अकबरपुर नगर से टांडा मार्ग या फिर बसखारी मार्ग पर मतगणना स्थल की तरफ कोई कॉमर्शियल वाहन नहीं जाने पाएगा। टांडा मार्ग पर जिला अस्पताल व कलेक्ट्रेट तक जाने की छूट होगी। पहला बैरियर पटेलनगर तिराहे पर लगेगा। दूसरा बैरियर कलेक्ट्रेट गेट व तीसरा बैरियर मतगणना स्थल से पहले लगाया जाएगा। टांडा की तरफ से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए कटरिया याकूबपुर, रगड़गंज व पुलिस लाइन के पास बनने बैरियर पर पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
इसी तरह बसखारी मार्ग पर भी मतगणना स्थल के दोनों तरफ 3-3 बैरियर लगाया जाएगा। निजी वाहन स्वामियों को इधर से गुजरने की छूट होगी, लेकिन उन्हें निर्देश होगा कि वह बीच में कहीं अपना वाहन नहीं रोकेंगे। यदि मनमानी की गई तो कार्रवाई सुनिश्चित होगी। बताया कि कॉमर्शियल वाहनों को रिंगरोड के माध्यम से गुजारा जाएगा। अयोध्या की तरफ से आने वाले वाहन पपुराने तहसील तिराहे से सीधे शहजादपुर की तरफ से गुजारे जाएंगे, बसखारी से अकबरपुर की तरफ आने वाले वाहन रिंगरोड से होते हुए शहजादपुर की तरफ से शहर में प्रवेश करेंगे। इसी तरह टांडा मार्ग से आने वाले कामर्शियल वाहनों को रगडगंज के पास रिंग रोड से गुजारा जाएगा।