अंबेडकरनगर। जिले के लगभग साढ़े तीन लाख किसानों के लिए खुशखबरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 10वीं किस्त जल्द ही उनके खाते में भेजने की तैयारी है। शासन से प्राप्त किसानों की सूची का सत्यापन कार्य कृषि विभाग ने शुरू कर दिया है। विभाग का दावा है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में सूची का सत्यापन कार्य पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी। इसके बाद शासन से किसानों के खाते में दो हजार रुपये भेज दिए जाएंगे। इससे रबी फसल की बोआई में जुटे किसानों को काफी राहत मिलेगी।
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार न सिर्फ किसानों को खाद, बीज, कृषि यंत्र व अन्य योजनाओं के माध्यम से अनुदान प्रदान कर रही है, बल्कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक मदद भी मुहैया करा रही है। वर्ष 2019 में 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना का शुभारंभ किया था।
इस योजना के तहत दो हेक्टेयर से कम जोत वाले किसानों को वर्षभर में दो हजार रुपये की तीन किस्तों के माध्यम से 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। योजना के तहत किसानों को अब तक 9 किस्त प्राप्त चुकी हैं। दिसंबर में केंद्र सरकार 10वीं किस्त देने की तैयारी में है। 3 लाख 53 हजार 757 किसानों की सूची शासन से कृषि विभाग को भेजी गई है। कृषि विभाग किसानों के सत्यापन कार्य में जुट गया है।
कृषि विभाग का दावा है कि दिसंबर के प्रथम सप्ताह में सूची सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद शासन की ओर से किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये भेज दिए जाएंगे। अधिकारियों की मानें तो रबी फसल की बोआई में किसानों की मुश्किल कम करने के लिए सरकार इस किस्त का भुगतान काफी तेजी से कराने की तैयारी में है। दो हजार रुपये मिलने से किसानों को गेहूं बीज व जुताई आदि में मदद मिलेगी। आदमपुर तिंदौली के किसान भगौती प्रसाद, कटरिया सम्मनपुर के रामजीत, सुईडीह के किसान रामसागर पाठक व लोदीपुर के ईश्वरचंद्र मिश्र ने बताया कि सरकार की योजना किसानों के लिए काफी अच्छी है। जरूरत है कि बढ़ती महंगाई के साथ इसकी राशि को कम से कम दो गुना किया जाए। इससे किसानों को काफी मदद मिलेगी।
सूची का सत्यापन जारी
शासन से लगभग साढ़े 3 लाख किसानों की सूची प्राप्त हुई है। इसके सत्यापन का कार्य चल रहा है। अगले सप्ताह में इसका सत्यापन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उम्मीद है कि दिसंबर के प्रथम पखवाड़े में किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की रकम पहुंच जाएगी।
-पीयूष राय, जिला कृषि अधिकारी