कांशीराम आवासीय काॅलोनी को खाली कराने की कोशिश का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के कटरिया याकूबपुर कांशीराम आवासीय काॅलोनी में रह रहे लोगों से आवास में रहने का कागजात मांगते हुए धमकाने के मामले में सभासद अतुल वर्मा के खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज हुआ है। कई लोगों ने कोतवाली पहुंचकर बताया कि डॉयल 112 टीम की मौजूदगी में धमकी दी गई।
कांशीराम आवासीय काॅलोनी में चार अक्तूबर की देर शाम जमकर हंगामा हुआ था। वहां रह रहे लोगों का आरोप था कि शेखपुरा राबीबहाउद्दीनपुर निवासी सभासद अतुल वर्मा काॅलोनी पहुंचे। उन्होंने डॉयल 112 टीम भी बुला रखी थी। पुलिस की मौजूदगी में सभी के आवास में रहने का कागज दिखाने की जिद करने लगे। इसके साथ ही गाली गलौज व कई तरह की धमकी भी दी।
इस रवैये से भड़के स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर दौड़ाया तो सभासद वहां से भाग निकले। पुलिसकर्मी भी चले गए। नागरिकों ने पुलिसकर्मियों पर नशे में होने का आरोप भी लगाया। मामले में तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया था। अब काॅलोनी निवासी बेबी गुप्ता, कृष्णकुमार, कुसुम देवी, कनीज फातिमा व एजाज अहमद आदि की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सभासद अतुल के खिलाफ धमकी समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।