अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के ममरेजपुर गांव में शुक्रवार की रात छप्पर ढहने से दबकर उसके नीचे सो रही वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के ममरेजपुर गांव निवासी प्रतापी देवी (70) पत्नी रामनेवल बीती रात घर के बाहर रखे छप्पर के नीचे सो रही थी। बताया जाता है कि इसी बीच देर रात अचानक छप्पर ढह गया, जिससे वह उसके नीचे दब गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकाला।
बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर राजस्वकर्मियों ने गांव पहुंचकर परिवारीजनों से जरूरी जानकारी हासिल की। साथ ही सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।