फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क से पकड़ ले गए थाने, दिखा दी शराब की बरामदगी

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जनपद पुलिस का हैरान कर देने वाला नया कारनामा सामने आया है। जीजा के साथ दावत में जा रहे युवक को जलालपुर पुलिस पकड़ कर थाने ले गई। कई घंटे युवक को बैठाए रखने के बाद सादे कागज पर हस्ताक्षर कराकर छोड़ दिया गया। युवक को बाद में पता चला कि उसके पास से 10 लीटर शराब की बरामदगी दिखा दी गई। युवक के अनुसार पुलिस ने जिस सादे कागज पर उससे हस्ताक्षर कराए, उस पर अंगूठा किसी और व्यक्ति का लगा हुआ था। इस बीच मामले में सपा विधायक सुभाष राय ने दोषी पुलिसकर्मियों समेत थाना प्रभारी पर कार्रवाई न होने पर जलालपुर थाने के घेराव की चेतावनी दी है।
विज्ञापन

जिले में पुलिस की एक के बाद एक करतूत सामने आ रही है। वसूली के लिए युवक की हिरासत में निर्मम पिटाई से मौत होने के आरोपों से घिरी जनपद पुलिस आए दिन व्यापारियों और आम नागरिकों के उत्पीड़न की शिकायत से उबर नहीं पा रही है। ताजा मामला जलालपुर थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि दावत में जा रहे युवक को रास्ते से पकड़कर थाने ले जाया गया और वहां उसके पास से 10 लीटर अवैध शराब की बरामदगी दिखा दी गई।
पीड़ित जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफाबाद नगपुर निवासी विजयकांत मौर्य के अनुसार वे बीती 26 मई को अपने जीजा के साथ बाइक से दावत में जा रहे थे। शाम करीब सात बजे वे दोनों लघुशंका करने के लिए जलालपुर थाने के निकट रुके। इसी बीच वहां बाइक से पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और जलालपुर कोतवाली पहुंचा दिया। दोनों पुलिसकर्मी इसके बाद थाने से चले गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोबाइल बंद कराकर रख लिया। कुछ देर बाद दीवान ने कहा, आधारकार्ड लाओ।
विज्ञापन

विजयकांत ने जब आधारकार्ड पास में न होने की जानकारी दी तो बोले घर से मंगवाओ। घर कॉल करने के लिए फोन वापस किया तो अपने चचेरे भाई से आधारकार्ड मंगवाया। आधारकार्ड आने के बाद उससे एक सादे कागज पर दस्तखत करने को कहा गया। उसने मना किया तो गाली देते हुए जेल भेजने की धमकी दी गई। उसके आधारकार्ड की फोटोकॉपी कराकर वापस कर दिया, जबकि हस्ताक्षर के बाद उसे घर जाने को बोल दिया गया। उसे कुछ बताया भी नहीं गया कि यह सब क्यों किया जा रहा है।
थाने से निकल कर वह अपने जीजा के साथ दावत में चला गया। दो दिन बाद 28 मई की शाम विजयकांत और उनके परिवारीजन उस वक्त सन्न रह गए, जब उन्हें पता चला कि विजय का नाम 10 लीटर शराब की बरामदगी के साथ मीडिया में चल रहा है। परेशान परिवारीजन अन्य ग्रामीणों और विजयकांत के साथ शनिवार को पूर्वाह्न विधायक सुभाष राय के पास पहुंचे और पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद ही पुलिस की यह करतूत सामने आ सकी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
विधायक बोले, कार्रवाई हो वरना घेरेंगे थाना
जलालपुर के सपा विधायक सुभाष राय ने जलालपुर पुलिस के रवैये की शिकायत डीएम और एसपी से दूरभाष पर की। साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि राह चलते युवक को पकड़कर शराब के साथ बरामदगी दिखा देना अन्याय और शर्मनाक है। यह पुलिस की अराजकता है, जिसे रोकना अधिकारियों का काम है। आए दिन हो रही वसूली और उत्पीड़न के मामलों के बावजूद अधिकारियों का मौन और भी चिंताजनक है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के तमाम वर्ग के लोग पीड़ित युवक के पक्ष में उनसे मिलने पहुंचे थे। इस मामले में यदि दोषी सिपाहियों और दीवान का निलंबन कर थाना प्रभारी को न हटाया गया तो थाने का घेराव किया जाएगा। पीड़ित युवक से पुलिस को क्षमा भी मांगनी चाहिए, जिससे समाज में पुलिस के प्रति विश्वास बना रह सके। उधर, वरिष्ठ सपा नेता राजितराम यादव ने कहा कि पुलिस को शराब बरामदगी का लक्ष्य ही पूरा करना था तो अपराध में लिप्त किसी व्यक्ति के साथ बरामदगी दिखा सकते थे। निर्दोष युवक को शराब के साथ दिखा देना निंदनीय है। यदि कार्रवाई न हुई तो न्याय के लिए सपा कार्यकर्ता थाना का घेराव करेंगे।
पीड़ित के पूछने पर भी पुलिस ने कुछ नहीं बताया
पीड़ित विजयकांत ने बताया कि उसे जब सड़क से पकड़कर ले आया गया तो उसे लगा कि लॉकडाउन उल्लंघन में पकड़ा गया होगा। कोरोना कर्फ्यू में भी वह दावत में जा रहा था। काफी देर होने के बाद जब उसने सिपाहियों से पूछा तो बोले कि बड़े साहब बताएंगे। कुछ देर बाद फिर पूछा तो मारने के लिए उठे। इसी तरह कई बार पूछने पर भी कुछ नहीं बताया गया। युवक ने बताया कि कई और लोग भी ऐसे ही पकड़कर लाए गए थे जो यह जानने को परेशान थे कि उन्हें लाया क्यों गया है। विजयकांत ने बताया कि वह आईटीआई कर चुका है और स्नातक है। 33 वर्षीय विजयकांत ने बताया कि बीते दिनों ही वह दिल्ली में टेक्निकल ग्रेड की परीक्षा देकर आया है। उसके विरुद्ध आज तक शांतिभंग तक का केस दर्ज नहीं है। अब शराब के साथ फर्जी बरामदगी दिखा देने से काफी अपमान महसूस हो रहा है। क्या पुलिस रोज ऐसे ही सबके साथ न्याय करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें