अंबेडकरनगर। जिले को टीबी मुक्त करने के लिए घर-घर टीबी खोज अभियान चलेगा। 9 से 22 मार्च तक चलने वाले अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी कुल 85 टीमों पर होगी। प्रत्येक टीम में तीन आशा बहुएं शामिल रहेंगी। टीबी खोज अभियान शत-प्रतिशत सफल हो सके, इसके लिए प्रत्येक पांच टीम की निगरानी के लिए एक-एक सुपरवाइजर को लगाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए शनिवार को सीएमओ कार्यालय में 17 सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसमें उन्हें अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
टीबी जैसे रोग को फैलने से रोकने व जिले को पूरी तरह से टीबी मुक्त करने को लेकर शासन के निर्देश पर 9 मार्च से विशेष अभियान चलेगा। 22 मार्च तक चलने वाले विशेष अभियान में टीम घर-घर जाकर टीबी मरीजों को चिह्नित करेंगी। साथ ही उन्हें बेहतर इलाज के बारे में भी जानकारी देंगी।
टीबी रोग के जिला प्रभारी डॉ. सालिकराम पासवान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 9 से 22 मार्च तक जिले को टीबी मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलेगा। इसके लिए कुल 85 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन आशा बहुएं शामिल होंगी। यह टीमें अपने क्षेत्र में प्रत्येक घर जाएंगी। परिवार के सभी सदस्यों की जांच करेंगी। यदि किसी में टीबी के लक्षण पाए गए, तो उनका बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। बताया कि प्रत्येक पांच टीम पर एक सुपरवाइजर की तैनाती की गई है, जो प्रतिदिन टीम द्वारा किए गए सर्वे की फीडिंग करेगा।
इस बीच अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सीएमओ कार्यालय में सुपरवाइजरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. सालिकराम पासवान ने निर्देशित करते हुए कहा कि प्रतिदिन टीम द्वारा किए गए सर्वे की जानकारी जिम्मेदारों को भी देनी है।