अंबेडकरनगर। अहिरौली पुलिस ने बीती रात छापा मारकर छह चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 3.66 लाख नकदी के अलावा 500 ग्राम चांदी के जेवर, दो बाइक, असलहा व अन्य चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस ने कटेहरी व अन्नावां बाजार में बीते दिनों हुई चोरी का खुलासा किया है। अभियुक्तों के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पकड़े गए एक चोर का आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध अहिरौली व अकबरपुर थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने गुरुवार को अहिरौली थाना क्षेत्र में कटेहरी व अन्नावां बाजार में चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि अहिरौली थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह, उप निरीक्षक अरुण कुमार मिश्र, उप निरीक्षक भानूप्रताप यादव, सिपाही अनिमेष यादव, अत्र कुमार, अविनाश यादव, पुष्पेंद्र यादव व गुरजीत सिंह बुधवार की रात गश्त पर थे। पुलिस टीम दुल्लापुर चौराहे पर रेलवे क्रॉसिंग के पास मौजूद थी। इस बीच दो बाइक पर सवार 4 युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ करने की कोशिश की तो वह भागने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान बाइक लेकर गिर पड़े। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी के 3 लाख 66 हजार 100 रुपये, तमंचा, 500 ग्राम चांदी के जेवर, मोबाइल, लोहे की रॉड, कटर आदि बरामद हुए।
चोरों की पहचान अनुराग वर्मा निवासी ताराखुर्द मालीपुर, शिवशंकर उर्फ डिब्बा निवासी बजदहां अहिरौली, सुरेश उर्फ सीटू निवासी नथनपट्टी व अवधेश निवासी रतनपुर थाना अहिरौली के रूप में हुई। आरोपियों की जानकारी पर पुलिस ने सुरेंद्र कुमार निवासी निनामपुर, थाना अहिरौली व पवन कुमार निवासी ताराखुर्द थाना मालीपुर को गिरफ्तार किया। उनके पास से भी चोरी का सामान बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि पूछताछ में चोरों ने बीते दिनों कटेहरी बाजार व अन्नावां बाजार में हुई चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
बताया कि वह लोग रात में रेकी करते थे। इसके बाद जिन घरों से लोग बाहर रहते थे, उन घरों को अपना निशाना बनाते थे। पकड़े गए एक आरोपी अनुराग वर्मा का आपराधिक इतिहास भी है। उसके विरुद्ध अहिरौली व अकबरपुर थाने में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बाद में आरोपियों को जेल भेज दिया गया।