अंबेडकरनगर। अल्ट्रासाउंड के लिए यदि जिला अस्पताल जा रहे हैं, तो न जाएं। यहां तैनात एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीएन यादव 18 जून तक अवकाश पर चले गए हैं। इसके चलते जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच पूरी तरह से ठप है। सोमवार को भीषण गर्मी में जांच के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों के हित को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
बेहतर इलाज व निशुल्क जांच की उम्मीद लेकर जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए एक और बुरी खबर है। न तो सुचारु रूप से इलाज सुनिश्चित हो रहा और न ही बेहतर ढंग से जांच ही हो रही है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के तमाम दावे तो अस्पताल प्रशासन करता है, लेकिन वास्तविकता इससे कहीं परे है। अब अल्ट्रासाउंड न हो पाने की दिक्कतें खड़ी हो गई हैं।
जिला अस्पताल में मरीजों का निशुल्क अल्ट्रासाउंड करने के लिए एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीएन यादव की तैनाती है। ऐसे में यदि किसी कारणवश रेडियोलॉजिस्ट कहीं चले जाते हैं, तो जांच ठप हो जाती है। इन अव्यवस्थाओं के बावजूद प्रतिदिन औसतन 20 मरीजों का अल्ट्रासाउंड जिला अस्पताल में होता है।
इस बीच अब अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉ. पीएन यादव 18 जून तक अवकाश पर चले गए हैं। बीती तीन जून से उनके अवकाश पर जाने के बाद जांच कक्ष पर न सिर्फ ताला लटका हुआ है, बल्कि दरवाजे पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है कि रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने के चलते इस अवधि में जांच नहीं हो सकेगी। नोटिस चस्पा कर अस्पताल प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री तो कर ली, लेकिन इसका खामियाजा भीषण गर्मी में जांच के लिए आने वाले मरीजों व तीमारदारों को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
की जाए वैकल्पिक व्यवस्था
सोमवार को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल पहुंचे टांडा के तीमारदार रामबचन व अकबरपुर की फूलकुमारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में मरीज को लेकर पहुंचे थे, लेकिन यहां पता चला कि 18 जून तक जांच ही नहीं होगी। अब मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। मरीजों के हित को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। मालीपुर के शमीम व बरियावन के जगदीश ने कहा कि अस्पताल प्रशासन को मरीजों की कुछ भी चिंता नहीं है। गर्मी के बीच किसी तरह अस्पताल पहुंचे, तो यहां जांच कक्ष पर ताला लटका मिला। नोटिस चस्पा कर प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से हट रहा है। होना यह चाहिए कि वैकल्पिक व्यवस्था कर जांच कराएं।
वापस आते ही शुरू होगी जांच
रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने के चलते अल्ट्रासाउंड की जांच प्रभावित है। इस संबंध में जांच कक्ष के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। उनके वापस आते ही फिर से सुचारु जांच शुरू कर दी जाएगी।
डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस