अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में वैक्सीनेशन के लिए लगी नागरिकों की भारी भीड़(
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। कोरोना से बचने के लिए टीका लगवाने की आपाधापी इतनी अधिक कि कोरोना प्रोटोकॉल की ही धज्जियां उड़ानी शुरू कर दीं। बुधवार को जिला अस्पताल में कुछ इसी प्रकार का दृश्य देखने को मिला। टीका लगवाने के लिए नागरिकों का हुजूम जिला अस्पताल में उमड़ पड़ा। सभी में टीका लगवाने की जल्दी दिखी। इस दौरान धक्कामुक्की भी की गई। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि टीका लगवाने के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें।
जिले में वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रतिदिन जिला अस्पताल, सीएचसी टांडा, बसखारी समेत सभी सीएचसी व अन्य केंद्रों पर बड़ी संख्या में नागरिक टीका लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक संबंधित केंद्रों पर पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ जिला अस्पताल में उमड़ी।
टीका लगवाने की आपाधापी इतनी अधिक थी कि वे केंद्र के अंदर पहुंचने के लिए एक-दूसरे को धक्का देते हुए आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसमें कई बार नागरिकों में कहासुनी भी हुई। भीड़ के चलते कोरोना प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ीं। इस बीच लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए बाद में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए परिसर में ही मौजूद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।