अंबेडकरनगर। त्रिपुरा में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले को लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के बैनर तले नाराज कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के निकट विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की समाप्ति से पूर्व कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग का राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी मौजूद तहसीलदार को सौंपा।
इसमें मांग की गयी कि न सिर्फ त्रिपुरा में हिंसा को रोका जाए, बल्कि हिंसा में नुकसान की भरपाई भी सरकार सुनिश्चित कराए। चेतावनी दी गयी कि यदि शीघ्र ही इसे लेकर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पार्टी कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद करने को देशव्यापी प्रदर्शन करेंगे। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी ने कहा कि जिस प्रकार से त्रिपुरा में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है।
न सिर्फ धार्मिक स्थलों पर हमला किया जा रहा है, बल्कि अल्पसंख्यकों की दुकानों व घरों को आग के हवाले भी किया जा रहा है। चिंता की बात यह है कि हिंसा करने वालों को त्रिपुरा सरकार संरक्षण दे रही है और रोकथाम को कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कांग्रेस नेेता डा. विजयशंकर तिवारी व गुलाम रसूल छोटू ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास का नारा तो दे रही लेकिन इसे जमीनी हकीकत नहीं बनाया जा रहा है।