आलापुर (अंबेडकरनगर)। गर्भवती महिलाएं खानपान को लेकर पूरी तरह से सचेत रहें। यदि कोई समस्या आये तो तत्काल अपनी आशा के माध्यम से चिकित्सक से सलाह लें। यह विचार मातृत्व दिवस के अवसर पर गर्भवती महिलाओं को जागरूक करते हुए डॉ. शिप्रा मौर्या ने प्रकट किए। कहा कि गर्भावस्था के दौरान कोई भी लापरवाही न बरतें।
डॉ. शिप्रा ने गर्भवती को आहार संबंधी सावधानियां बताईं। कहा कि गर्भवती महिला को हर चार घंटे में कुछ खाने की कोशिश करनी चाहिए। कच्चा दूध न पीयें। मदिरापान अथवा धूम्रपान न करें। प्रतिदिन 200 मिलीग्राम से अधिक कैफीन लेने पर गर्भपात और कम वजन वाले शिशु के जन्म लेने का खतरा बढ़ जाता है।
कहा कि गर्भवती महिलाओं को गर्म मसालेदार चीजें नहीं खाना चाहिए। एनीमिया से बचने के लिए अनाज से बने पदार्थ, अंकुरित दलहन, हरे पत्तेवाली साग भाजी, गुड़, तिल आदि लौह तत्व से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। गर्भवती महिला को उपवास नहीं करना चाहिए। मीठा खाने की इच्छा हो तो अंजीर का सेवन करें। इसमें प्रचुर मात्रा में कैल्सियम होता है। साथ ही कब्ज भी दूर होता है।
सब्जियों का सूप और जूस भी लेने की सलाह दी। अपने डॉक्टर की सलाह अनुसार विटामिन और आयरन की गोलियां नियमित समय पर लेती रहें। इस दौरान करीब 70 गर्भवती महिलाओं को फल आदि बांटे गए। इस मौके पर स्टाफ नर्स सीमा यादव, बबीता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।