अंबेडकरनगर के महरुआ में रूटमार्च करते अर्धसैनिक बल।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
महरुआ (अंबेडकरनगर)। अर्धसैनिक बलों व सिविल पुलिस के जवानों ने शुक्रवार को फ्लैग मार्च कर शहरवासियों को चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त बने रहने का अहसास कराया। इस दौरान पुलिस अफसरों ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। कहा कि सभी के एकजुट प्रयासों से ही चुनाव प्रक्रिया को सकुशल तरह से निपटाया जा सकता है। इसमें किसी भी तरह का खलल पैदा करने वालों से पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी।
महरुआ थानाध्यक्ष विवेक वर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को अर्धसैनिक बल व सिविल पुलिस ने महरुआ बाजार, नरसिंह दासपुर, लोकनाथपुर, रामनगर कर्री व रामबाब समेत कई अन्य स्थानों पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एसओ ने नागरिकों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने में सभी का सहयोग अत्यंत जरूरी है।
चुनाव के दौरान सभी लोग बगैर किसी दबाव व भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यदि वोट के लिए कोई अनैतिक दबाव बनाता है या लालच देता है तो उसके बहकावे में कतई न आएं और इसकी जानकारी सीधे पुलिस को दें। इस दौरान अमन चैन का माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई होगी।