अंबेडकरनगर। शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को भी जिले में विविध आयोजन हुए। जिला मुख्यालय पर डीएम, एसपी व सीडीओ ने नागरिकों व दुकानदारों को पटेलनगर तिराहे पर मतदान की शपथ दिलाई तो वहीं अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर मतदान जागरूकता संबंधी स्टीकर विभिन्न दुकानों पर चस्पा किए। जागरूकता रैली का आयोजन भी इन्हीं अधिकारियों के नेतृत्व में हुआ। उधर, कई अन्य क्षेत्रों में भी जागरूकता रैली व गोष्ठी का आयोजन किया गया।
अकबरपुर नगर के पटेलनगर तिराहे पर उस समय नागरिकों व यात्रियों में कौतूहल व्याप्त हो गया, जब डीएम सैमुअल पॉल एन, एसपी आलोक प्रियदर्शी व सीडीओ घनश्याम मीणा दलबल के साथ वहां पहुंच गए। कर्मचारियों ने थोड़ी ही देर में वहां यात्रियों, आसपास के दुकानदारों व नागरिकों को एकत्र कर लिया। उन्हें अधिकारियों ने शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। शपथ के बाद अधिकारियों ने आसपास की दुकानों तथा घरों के बाहर मतदान जागरूकता संबंधी स्टीकर भी लगाए। डीएम, एसपी व सीडीओ ने स्वयं दुकानों तथा घरों में जाकर स्टीकर चस्पा किए।
बाद में अधिकारियों के नेतृत्व में मतदान जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली का नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारियों के अन्य कार्यक्रमों में जाने के बाद अधिशाषी अधिकारी वीना सिंह ने किया। रैली ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर शत-प्रतिशत मतदान का आह्वान किया। श्रीमती सत्यवती देवी इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी चंनगा नरहरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों ने मतदान जागरूकता रैली निकाली।
कार्यक्रमाधिकारी डॉॅ. शिवमूर्ति कनौजिया व दिनेशचंद्र मिश्र के नेतृत्व में निकली रैली में कहा गया कि आने वाला तीन मार्च लोकतंत्र का महापर्व है। हम सभी अवश्य मतदान करें। रैली नरहरपुर, चनगा होते हुए पुन: पीजी कॉलेज आकर संपन्न हुई। रैली में सिंपी, रिया पांडेय, आशा, नीलम, काजल, प्रतिभा, रिंकी, प्रतिमा आदि ने नारा लगाया कि जो बांटे दारू साड़ी नोट, उसको कभी न दें वोट। देश को तू अपना मान, वोट की शक्ति को जान। बनो देश के भाग्य विधाता, अब जागो प्यारे मतदाता। सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो।
स्वीप योजना के तहत कटेहरी ब्लॉक के डोमनेपुर ग्राम पंचायत की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। आओ हम सरकार बनाएं अभियान के तहत निकली रैली में शामिल महिलाओं ने सभी से मतदान का आह्वान किया। कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की महत्ता तभी बढ़ेगी, जब देश का प्रत्येक नागरिक मतदान कर अपनी मजबूत सरकार चुनेगा। रैली में दीपा पांडेय, अमिता वर्मा, सीमा यादव, मधुबाला, आशा वर्मा, सरोज यादव, रीता तिवारी, निशा तिवारी, मंजू सिंह, दीपमाला, ऊषा यादव व अनीता मौर्या आदि ने हिस्सा लिया।
नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में अधिशासी अभियंता उमेश कुमार पासी ने कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूकता रैली को रवाना किया। कर्मचारी अखिलेश शर्मा, रजनीकांत पांडेय व पूर्व प्रधान रामपलटन यादव, सुधीर सिंह, राकेश सिंह व गोविंद तिवारी के नेतृत्व में निकली मतदाता जागरूकता रैली ने राजेपुर, बलरामपुर, राजेसुल्तानपुर, त्रिलोकपुर, धारूपुर, सिसवा, सिरसिया आदि क्षेत्रों में पहुंच कर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोगों कोआगे बढ़कर अपनी हिस्सेदारी जताते हुए मतदान करना चाहिए।