राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। सरयू नदी के कम्हरिया घाट पर पीपा पुल का निर्माण शुरू हो गया है। इससे कुछ दिनों बाद पीपे के पुल से नागरिकों को आवागमन की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। पीपा पुल से बनने से कई जनपदों के नागरिकों को सुचारु आवागमन का लाभ मिलेगा। अब तक नागरिकों को नाव के सहारे या फिर दूर के मार्गों से आवागमन करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
सरयू नदी के कम्हरिया घाट पर पीपे का पुल बना कर प्रति वर्ष 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जून तक चलता है। इस बार नदी में पानी व कटान अधिक होने के कारण पीपे का पुल बनाने का कार्य समय से शुरू नहीं हो सका। इसके कारण लोगों को गोरखपुर व संतकबीरनगर की दूरी 40 से 45 किलोमीटर अधिक बिड़हर घाट से होकर जाना पड़ता है। सरयू नदी में पानी कम होने के बाद पीपे का पुल बनाने का कार्य मजदूरों की ओर से तेजी से किया जा रहा है।
पीपे का पुल बन जाने से गोरखपुर जनपद के बेलघाट, रापतपुर, सिकरीगंज व अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, सिंघलपट्टी, कम्हरिया, सरयूनगर तथा आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर व अतरौलिया आदि क्षेत्रों की हजारों आबादी को सुचारु आवागमन का लाभ मिलेगा। इस बार नदी में पानी अधिक होने व कटान अधिक होने के चलते लगभग एक माह बाद पीपा पुल बनाने का कार्य शुरू हो रहा है। गोरखपुर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार बाढ़ व कटान अधिक होने के चलते पीपा लगाने के कार्य में विलंब हुआ। फिलहाल कार्य तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।