अंबेडकरनगर में बुधवार सुबह घने कोहरे में वाहनों की लाइट जलाकर निकले लोग।
- फोटो : अमर उजाला
गलन व सर्द हवा के बीच दोपहर बाद निकली धूप से लोगों को काफी राहत मिली। तेज धूप का एक तरफ जहां लोगों ने बढ़-चढ़कर आनंद उठाया, वहीं बाजारों की भी रौनक बढ़ गई। हालांकि बुधवार सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड से हुई। गलन व सर्द हवा का आमजन की दिनचर्या पर प्रतिकूल असर पड़ा।
गौरतलब है कि कुछ दिनों से घने कोहरे व गलन का दौर जारी है। इसके चलते आम जन-जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। इस बीच मंगलवार से ही दोपहर बाद धूप निकलने से हाड़कंपाऊ ठंड से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिली। बुधवार की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड से हुई।
गलन व सर्द हवा के चलते लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूर्वाह्न तक जिला मुख्यालय से लेकर अन्य छोटे-बड़े बाजारों में आमतौर पर सन्नाटे का माहौल रहा। ज्यादातर दुकानदार अपने प्रतिष्ठान के सामने अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते दिखे।
इस बीच दोपहर बाद तेज धूप निकली तो ठंड से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस की। जगह-जगह लोग धूप का बढ़-चढ़कर आनंद लेते दिखे। सरकारी व निजी कार्यालयों के कर्मचारी भी धूप में बैठकर गपशप करते दिखे। उधर, मौसम साफ होने के बाद बाजारों में भी रौनक बढ़ गई।
इन सबके बावजूद जिले में न तो अभी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों में कंबल वितरण में ही तेजी आ सकी और न ही सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाए जाने की ही व्यवस्था की जा सकी है। ऐसे में ठंड का सबसे अधिक प्रतिकूल असर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है।