अंबेडकरनगर। पैथालॉजी से जुड़ी जांच रिपोर्ट की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए बुधवार को राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में पेंटाहेड स्कोप मशीन का शुभारंभ हुआ। करीब 10 लाख रुपये कीमत की इस मशीन से कई तरह की बीमारियों की जांच आसानी से सुनिश्चित हो सकेगी। इसके अलावा इसकी गुणवत्ता पूर्व में लगी मशीन से काफी बेहतर है। खास बात यह कि इस से न सिर्फ एक साथ पांच चिकित्सक भी जांच प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, बल्कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी इस मशीन से जांच प्रक्रिया की जानकारी हासिल करने में आसानी होगी।
बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में पेंटाहेड स्कोप मशीन का शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य डॉ. संदीप कौशिक ने फीता काटकर मशीन का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि लगभग 10 लाख रुपये कीमत की यह मशीन पैथालॉजी जांच में काफी उपयोगी साबित होगी। पूर्व में लगी मशीनों की अपेक्षा इस माइक्रो स्कोप मशीन की जांच गुणवत्ता काफी बेहतर है। इस मशीन से कैंसर समेत कई बीमारियों की जांच अच्छी गुणवत्ता के साथ हो सकेगी।
खास बात यह कि इस मशीन पर एक साथ पांच चिकित्सक किसी भी जांच प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। मशीन के लगने से जहां मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों को इसका लाभ मिलेगा बल्कि यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी मदद मिलेगी। इस मौके पर डॉ. राजेश गौतम, डॉ. मनोज गुप्त, डॉ. अमृता, डॉ. उमेश वर्मा व डॉ. विवेक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।