अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण को देखते हुए घोषित आंशिक कर्फ्यू का मिला-जुला असर रविवार को देखने को मिला। कहीं दुकानें खुली नजर आईं तो कहीं बंद। दुकानों के बंद होने को लेकर तो फिर भी असर देखने को मिला, लेकिन नागरिकों का आवागमन नहीं रुक पा रहा है। रविवार को बेरोकटोक लोग आवागमन करते रहे।
कोरोना को फैलने से रोकने व संक्रमण की तीसरी संभावित लहर को देखते हुए आंशिक कर्फ्यू घोषित है। शुरुआती दौर में तो इसका सख्ती से पालन जिम्मेदारों द्वारा कराया गया, लेकिन जैसे-जैसे संक्रमण के नए मामलों में कमी आती गई। आंशिक कर्फ्यू का पालन कराने को लेकर जिम्मेदारों द्वारा लापरवाही बरती जाने लगी। नतीजा यह है कि अब इसका अधिक असर जिले में नहीं दिख रहा है। रविवार को आंशिक कर्फ्यू के बाद भी जिले की छोटी-बड़ी बाजारों में छिटपुट दुकानें खुली रहीं। जिले के अन्य क्षेत्रों की बात तो दूर, जिला मुख्यालय पर ही आंशिक कर्फ्यू का पालन कराने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इसी का नतीजा रहा कि रविवार को भी धड़ल्ले से अलग-अलग क्षेत्रों में कई दुकानें खुली रहीं।
जिले में जगह खुली दुकानों पर नागरिकों की भीड़ भी दिखी। इसके अलावा बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की तरह ही नागरिकों की जहां भीड़ दिखी, तो वहीं प्रमुख मार्गों पर भी सामान्य दिनों की तरह ही नागरिकों की आवाजाही बनी रही। सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद राजभर ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से कोरोना पर पूरी तरह से अंकुश नहीं पाया जा सकता है। जिम्मेदारों को चाहिए कि वे आंशिक कर्फ्यू का पूरी सख्ती से पालन कराएं, जिससे कोरोना की संभावित तीसरी लहर से भी आसानी के साथ निपटा जा सके। उधर, एएसपी संजय राय ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू का पालन कराया जा रहा है। जरूरी जांच आदि हो रही है।