अंबेडकरनगर। जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एक हजार पात्रों के लिए खुशखबरी है। उनका पक्के आवास में रहने का सपना पूरा होने वाला है। दरअसल 5 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश के 75 हजार पात्रों को प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के तहत आवास की चाभी सौंपेंगे।
इसी में जिले के एक हजार पात्र भी शामिल रहेंगे। इसे लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि आवासीय योजना के लिए 16 हजार 136 पात्रों ने आवेदन किया था। 12 हजार 58 पात्रों को योजना का लाभ पहले ही मिल चुका है। जांच के बाद 2657 आवेदक अपात्र पाए गए। ऐसे में अब इनका नाम पात्रता सूची से बाहर किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
पक्के घर में रहने का सपना लेकर कच्चे घर में रह रहे ऐसे पात्रों के लिए खुशखबरी है जिन्होंने प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री शहरी आवासीय योजना के लाभ के लिए जिले के कुल 16 हजार 136 पात्रों ने आवेदन किया था।
12 हजार 58 पात्रों को योजना का लाभ दिलाया जा चुका है। योजना का लाभ दिलाने के लिए हुई सत्यापन प्रक्रिया में 2657 आवेदक अपात्र पाए गए थे। ऐसे में इन अपात्रों का नाम पात्रता सूची से बाहर किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिले में योजना के तहत एक हजार पात्र ऐसे हैं जिनका आवास पूर्ण हो चुका है। उन्हें इंतजार है कि जल्द ही उन्हें चाभी मिले और उनका भी पक्के आवास में रहने का सपना पूरा हो सके। अब इन पात्रों का भी सपना पूरा होने जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अक्तूबर को जब लखनऊ पहुंचेंगे तो इस दौरान वे प्रदेश के 75 हजार पात्रों को योजना के तहत ऑनलाइन माध्यम से आवास की चाभी सौपेंगे, उनमें जिले के भी एक हजार पात्र शामिल होंगे जिनका आवास पूर्ण हो चुका है।
सिविल इंजीनियर डूडा ऋषिकेश सिंह ने बताया कि 5 अक्तूबर को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल का चयन अभी नहीं हो सका है। कार्यक्रम का आयोजन या तो सीडीओ आवास के सामने मैदान में होगा या फिर लोहिया भवन में।
सिविल इंजीनियर डूडा ने बताया कि जिन एक हजार पात्रों को आवास की चाभी दी जाएगी, उनमें अकबरपुर के 628, टांडा के 207, जलालपुर के 33, अशरफपुर किछौछा के 90 व इल्तिफातगंज के 42 पात्र शामिल हैं। बताया कि जिला मुख्यालय के अलावा सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री पात्रों से सीधा संवाद भी करेंगे। इसके लिए एलईडी टीवी का प्रयोग किया जाएगा। साथ ही कनेक्टिविटी में किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जा रहे हैं।
डूडा के प्रभारी मोईनुल इस्लाम ने बताया कि 5 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में रहकर प्रदेश के जिन 75 हजार पात्रों को आवास की चाभी सौंपेंगे, उनमें जिले के एक हजार पात्र भी शामिल हैं। कार्यक्रम को लेकर जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।