केदारनगर। नौकरी दिलाने के नाम पर तीन युवाओं से ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवाओं ने इब्राहिमपुर थाने में तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की है। आरोप है कि युवाओं से यूपीपीसीएल कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी की गई है। पीड़ितों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
थाने में दी तहरीर में कहा गया कि इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के ककराही निवासी राहुल श्रीवास्तव समेत तीन युवकों को कुछ लोगों ने यूपीपीसीएल कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। नौकरी दिलाने के नाम पर प्रत्येक से डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। पहली बार 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद शेष एक लाख रुपये तीनों ने मिलकर ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
पैसा देने के काफी दिन बाद जब नौकरी नहीं मिली तो उन लोगों ने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों द्वारा हीलाहवाली की जाने लगी। इसके बाद आरोपी फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। पीड़ितों ने मामले में पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष सुधांशू वर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। छानबीन कर केस दर्ज किया जाएगा।