अंबेडकरनगर। दिव्यांग प्रमाणपत्र के लिए अब पहले ऑन लाइन आवेदन करना जरूरी होगा। इसके बाद ही जिला अस्पताल में प्रत्येक सोमवार को लगने वाले दिव्यांग शिविर में चिकित्सकीय जांच के बाद पात्र पाए जाने आवेदक का ही दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। सोमवार को जिला अस्पताल में आयोजित दिव्यांग शिविर मे कुल 32 लोगों ने आवेदन किया। जांच के बाद इनमें से पात्र पाए गए 28 दिव्यांगों को मौके पर ही प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया।
दिव्यागों के हितार्थ संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे इसके लिए नियमित अंतराल पर जागरूकता शिविरों का आयोजन भी किया जाता है। अभी तक प्रमाणपत्र पाने के लिए दिव्यांगों को जिला अस्पताल में पहुंचकर प्रमाणपत्र के लिए ऑफ लाइन पंजीकरण कराना पड़ता था। इसके बाद उनकी जांच की जाती थी। इससे आयोजित शिविर में ज्यादा भीड़ जुट जाने से काफी परेशानी होती थी। इसे देखते हुुए अब प्रशासन ने प्रमाणपत्र बनवाने के लिए नई गाइड लाइन लागू की है।
इसके तहत अब प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दिव्यांगों को पहले ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी होगा। इसके बाद उन्हें सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित कक्ष संख्या 5 से एक स्लिप जारी होगी। इस स्लिप को जिला अस्पताल में लगे शिविर में दिखाकर ही दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने वाले आवेदक की जांच होगी। पात्रता के आधार पर उन्हें मौके पर ही प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
दूसरी तरफ सोमवार को जिला अस्पताल में आयोजित हुए दिव्यांग शिविर में 28 पात्रों को प्रमाणपत्र जारी कर वितरित किए गए। डा. सजय खरवार व डा. अजीत की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में 32 दिव्यांगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। जांच के बाद पात्र पाए जाने वाले 28 दिव्यांगों को प्रमाणपत्र उपलब्ध करवाया गया। इसमें किसी भी प्रकार की मुश्किल होने पर इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को देना होगी ताकि उनकी समस्याओं का निस्तारण कराया जा सके।