अंबेडकरनगर। कोरोना की रोकथाम को किए जा रहे टीकाकरण कार्य में सेहत महकमे की लापरवाही उजागर हुई है। जिला अस्पताल में इस अभियान के तहत कोरोना प्रोटोकाल का ही पालन नहीं होता दिखाई दिया। न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की किसी जिम्मेदार को सुध रही और न ही मास्क लगाने की अनिवार्यता ही सुनिश्चित की गई। यही नहीं वैक्सीनेशन के लिए लंबी लाइन में लगे नागरिकों की न तो थर्मल स्क्रीनिंग की गई और न ही वहां सैनिटाइजर की व्यवस्था दिखी। इससे सेहत महकमे की कथनी, करनी में फर्क नजर आने के साथ उसकी कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग गया है।
इन दिनों 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग वालों को कोरोना वैक्सीन टीका लगाया जा रहा है। टीका लगवाने को लेकर युवाओं में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या में युवा जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। सुबह से ही टीका लगवाने के लिए युवाओं के जिला अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो अपराह्न तक जारी रहता है।
शुक्रवार को अमर उजाला टीम टीकाकरण का जायजा लेने जिला अस्पताल पहुंची, तो वहां अव्यवस्था और कदम दर कदम कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ती दिखीं। कहीं से भी ऐसा प्रतीत ही नहीं हो रहा था कि कोरोना वायरस का प्रकोप कहीं है। टीका लगवाने के लिए युवाओं में आपाधापी का माहौल था। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता कहीं भी नहीं दिखा। लंबी लाइन में लगे कुछ युवक व युवतियां ऐसे भी थे, जिन्होंने मास्क तक नहीं लगा रखा था।
टीकाकरण के दौरान फैली अव्यवस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीका लगवाने के लिए आने वालों की न तो थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था थी और न ही उन्हें सैनिटाइज किए जाने की। बेधड़क होकर लोगों का आवागमन हो रहा था। जिला अस्पताल में फैली इस व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रवीना, अलमास व राहुल ने कहा कि ऐसी लापरवाही से तो कोरोना संक्रमण पर अंकुश नहीं लग सकेगा।
यहां तो लोग कोरोना से बचने के लिए टीका लगवाने के लिए आ रहे हैं, लेकिन जो अव्यवस्था है, इससे तो कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका है। उधर सीएमएस डा. ओमप्रकाश ने बताया कि टीकाकरण के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने टीका लगवाने के लिए आने वालों से लाइन में लगने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करने व मास्क लगाने को कहा है।
--