अंबेडकरनगर। जिले में संचालित 2551 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक बार फिर से कार्यदायी संस्था नैफेड ने पुष्टाहार का वितरण शुरू कर दिया है। बीते दिनों तक यह जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह द्वारा स्थापित चार लघु उद्योगों पर थी। उनके द्वारा प्रबंध न कर पाने के चलते ही पंजीकृत दो लाख 21 हजार बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं के लिए फिर से नैफेड द्वारा पुष्टाहार देने की पुरानी व्यवस्था को लागू किया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को पुष्टाहार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह को बीते दिनों सौंपी गई। स्वयं सहायता समूह द्वारा अकबरपुर में स्थापित अन्नपूर्णा महिला लघु उद्योग से विकास खंड क्षेत्र अकबरपुर, टांडा, बसखारी व अकबरपुर नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पुष्टाहार पहुंचाया जाना तय हुआ। इसी प्रकार कटेहरी में स्थापित सवेरा प्रेरणा महिला लघु उद्योग से कटेहरी व भीटी, जलालपुर में स्थित अमर प्रेरणा महिला लघु उद्योग से जलालपुर व भियांव तथा जहांगीरगंज में स्थापित संघर्ष प्रेरणा महिला लघु उद्योग से जहांगीरगंज व रामनगर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पुष्टाहार पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
मालूम हो कि जिले में कुल 2551 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इसमें विकास खंड क्षेत्र अकबरपुर में 437, टांडा में 305, बसखारी में 245, रामनगर में 250, जहांगीरगंज में 258, भियांव में 237, जलालपुर में 333, भीटी में 212, कटेहरी में 232 व अकबरपुर शहर में 42 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं।
शुरुआती दौर में तो चारों लघु उद्योग से पुष्टाहार आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचाया गया लेकिन उत्पादन कम होने के चलते सुचारु रूप से आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। इसे देखते हुए शासनस्तर पर एक बार फिर से नैफेड को ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र पर पुष्टाहार के रूप में बेसन हलवा, प्री मिक्स लड्डू व बर्फी, मूंगदाल दलिया आदि पहुंचाने की जिम्मेदारी दे दी गई। स्वतः रोजगार उपायुक्त भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सभी चार केंद्रों के जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिक से अधिक उत्पादन करें जिससे अप्रैल माह से उन्हें आपूर्ति करने का मौका मिले।
तीन माह की दी गई जिम्मेदारी
नेफेड को जनवरी से मार्च तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार आपूर्ति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जनवरी माह का पुष्टाहार केंद्र तक पहुंचाया जा चुका है। शीघ्र ही फरवरी माह का भी पुष्टाहार केंद्र तक पहुंच जाएगा। - दिनेश कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी