अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से निकलने वाली गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे परियोजना के तहत जिले के जलालपुर व आलापुर तहसील के 37 गांव प्रभावित होंगे। इस लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण जल्द शुरू हो सके, इसके लिए भूमि के बैनामे कराने का काम तेजी से किया जा रहा है। जलालपुर तहसील में 44 प्रतिशत, जबकि आलापुर तहसील के 81 प्रतिशत से अधिक किसानों की भूमि का बैनामा किया जा चुका है। जल्द ही प्रभावित सभी किसानों की भूमि का बैनामा कर भूमि का अधिग्रहण कर लिया जाएगा। इसके बाद एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इस लिंक एक्सप्रेस वे के निर्माण से गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर व नेपाल तक सुचारु रूप से यात्रा की जा सकेगी।
जिले से होकर पहले में ही एनएच 232 व एनएच 233 का निर्माण कराया जा चुका है। बीते दिनों लखनऊ से बलिया पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू हुआ है। यह एक्सप्रेस वे जिले के अकबरपुर व जलालपुर तहसील के सात गांवों से होकर गुजर रहा है। इस बीच बीते दिवस केंद्र सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से ही गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण कराने को हरी झंडी दे दी थी।
एडीएम कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक वीरसेन पाण्डेय ने बताया कि यह एक्सप्रेस जिले के जलालपुर व आलापुर तहसील के 37 गांव से होकर गुजरेगा। इसमें जलालपुर तहसील के 19 व आलापुर तहसील के 18 गांव शामिल हैं। निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू हो सके, इसके लिए संबंधित किसानों की भूमि का बैनामा कराए जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जलालपुर तहसील के 44 प्रतिशत, जबकि आलापुर तहसील के 81 प्रतिशत किसानों की भूमि का बैनामा किया जा चुका है। शीघ्र ही सभी किसानों की भूमि का बैनामा कर अधिग्रहण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। बताया कि यह एक्सप्रेस वे जलालपुर के रामगढ़ गांव से होकर गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस से निकलकर आलापुर के कम्हरिया घाट पुल से होते हुए गोरखपुर जनपद में चला जाएगा। इस एक्सप्रेस ेके निर्माण से गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर व नेपाल जाने वाले लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।
जलालपुर तहसील के शाहपुर, सेहरी, अंबरपुर, शिवपाल, ढाखा, महमूदपुर ओदरपुर, मुस्कराई, सवरगह, नूरपुर कला, नत्थूपुर खुर्द, खालिसपुर गोदाम, हाफिजपुर, अजमलपुर, पर्वतपुर, महंगीपुर, चौदाहप्रास, मसोढ़ा, दुल्हूपुर खुर्द, खानपुर हुसैनाबाद तथा आलापुर तहसील के तेंदुआई खुर्द, तेंदुआई कला, टड़वा जलाल, पदुमपुर नसरुद्दीन पट्टी, फुलवरिया, सेमरा टप्पा हवेली, चोरमरा कमालपुर, शंकरपुर टप्पा हवेली, खरवइया, अहिरौली रानीमऊ, सैदौली, कम्हरिया, सुल्तानपुर तप्पा हवेली, डड़वा, मदैनिया, सिकरौरा, बभनपुरा व जैनपुर गांव से होकर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे गुजरेगा।
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे जलालपुर व आलापुर तहसील के 37 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके लिए किसानों की भूमि का बैनामा कराने का काम तेजी से चल रहा है। बैनामा कार्य पूर्ण होते ही भूमि का अधिग्रहण शुरू कर दिया जाएगा।
- अमरनाथ राय, एडीएम