फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपहरण कर बालक की हत्या, झाड़ियों में फेंका शव

विज्ञापन
विज्ञापन
टांडा (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के सकरावल मोहल्ले से बीते दिनों बालक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारों ने उसका शव एक झाड़ी में छिपा दिया। 10 दिन पहले अपहरण के बाद शुक्रवार को बालक का शव बरामद होते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही टांडा कोतवाली पुलिस के अलावा कई अन्य थानों के पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि हत्यारों ने बालक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को झाड़ियों में लाकर फेंक दिया। कारण यह कि बालक के लापता होने के बाद अन्य स्थानों के साथ-साथ संबंधित झाड़ियों के आसपास खोजबीन की गई थी, लेकिन तब कोई जानकारी नहीं हो पाई थी। इस बीच एसपी आलोक प्रियदर्शी ने परिवारीजनों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

टांडा कोतवाली क्षेत्र के सकरावल मोहल्ला निवासी लक्ष्मी का पुत्र सुभाष (12) बीती 23 नवंबर को घर से अचानक लापता हो गया। परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिवारीजनों ने कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। कोतवाली पुलिस अज्ञात के विरुद्घ अपहरण का केस दर्ज कर बालक की तलाश में जुटी थी। इस बीच शुक्रवार को सुबह सुभाष का क्षत-विक्षत शव घर से कुछ दूर स्थित झाड़ी में मिला। शव कई दिन पुराना लग रहा था। शव की स्थिति देखकर लग रहा था कि हत्यारों ने अपहरण के बाद ही सुभाष की हत्या कर दी थी और शव को कहीं अन्यत्र छिपा दिया। इसके बाद उसे यहां झाड़ियों में लाकर फेंक दिया गया।
शुक्रवार को झाड़ी में जिस स्थान पर शव मिला, वहां पुआल से उसे ढका गया था। बताया जाता है कि सुभाष का बड़ा भाई लकड़ी काटने के लिए झाड़ी की तरफ गया था। पुआल से दुर्गंध आने पर उसने देखा तो वहां शव पड़ा मिला। इस पर वह चीखते हुए घर पहुंचा और परिवारीजनों व ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। रोते-बिलखते परिवारीजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुआल हटाकर देखा तो सुभाष का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना के बाद पहुंची टांडा कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों के मुताबिक जिस स्थान पर शव मिला है, वहां पहले तलाश की गई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था। ऐसे में ग्रामीणों के अनुसार सुभाष की हत्या गांव के ही किसी घर में की गई। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर पुआल रख दी गई।
विज्ञापन

बालक का शव मिलने की जानकारी होते ही कई अन्य थानों के पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और परिवारीजनों व ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया गया। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने परिवारीजनों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। एसपी ने बताया कि पहले अपहरण की धाराओं में केस दर्ज हुआ था। अब हत्या व साक्ष्य छिपाने की धाराओं की बढ़ोत्तरी कर दी गई है।
जल्द होगा वारदात का खुलासा
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने दो-तीन बिंदुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उस पर तत्काल प्रभाव से कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें जल्द ही कामयाबी हासिल हो जाएगी। इसके बाद वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें