जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बाइक सवार को बचाने में बुधवार दोपहर एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। तीन दुकानों को क्षतिग्रस्त कर पलट गई। एक दुकान में बाटी तल रही महिला तेल गिरने से झुलस गई तो वहीं उसका दुकानदार पति समेत तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना से काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मामला बुधवार दोपहर करीब का है। बताया जाता है कि जलालपुर से एक स्काॅर्पियो मालीपुर की तरफ जा रही थी। वह शांति नगर चौराहे पर पहुंची थी तभी एक बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हो गई। उसने दो दुकानों के अगले हिस्से को क्षतिग्रस्त करते हुए वहां खड़ी एक बाइक को चपेट में ले लिया। इसके बाद दुर्गा प्रसाद मोदनवाल की मिठाई की दुकान को क्षतिग्रस्त कर पलट गई। उस समय वहां दुकान में बाटी तल रही दुर्गा प्रसाद की पत्नी सविता पर खौलता तेल गिर पड़ा। इससे वह झुलस गई। उनके पति भी घायल हो गए। हादसे में देवेंद्र के किराना स्टोर का तमाम सामान इधर उधर बिखर गया जबकि मिठाई की दुकान पर बैठे बड़ागांव निवासी हरिश्याम मौर्य व निमिटनी निवासी राधेश्याम मौर्य को भी चोट आई।
स्काॅर्पियो चालक प्रमोद को भी हादसे में मामूली चोट आई जबकि उसमें बैठे वाहन मालिक अरविंद मिश्र निवासी जैतपुर के पुत्र सौरभ बाल बाल बच गए। महिला व उसके पति को सीएचसी नगपुर ले जाया गया। वहां दोनों की हालत खतरे के बाहर बताई जाती है।