अंबेडकरनगर। आंगनबाड़ी केंद्रों पर शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति परखने के लिए सोमवार को सीडीपीओ कटेहरी ने पांच आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति कम मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए निर्देशित किया गया कि सभी जिम्मेदार गांवों में भ्रमण कर अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों को केंद्र पर भेजने के लिए प्रेरित करें।
बाल विकास परियोजना अधिकारी कटेहरी बलराम सिंह ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय कटेहरी परिसर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। यहां पंजीकृत 40 बच्चों की तुलना में 18 बच्चे ही उपस्थित मिले। आंगनबाड़ी केंद्र कटेहरी द्वितीय के निरीक्षण में 42 की तुलना में 16, प्राथमिक विद्यालय कुर्मीडीहा परिसर में केंद्र गौराबसंतपुर प्रथम में 48 की जगह 14 और द्वितीय में 32 की जगह 15 बच्चे ही उपस्थित मिले। इसके बाद एक प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। यहां पंजीकृत 93 छात्र-छात्राओं में से 50 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय अहिरौली में चल रहे दो आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में प्रथम में 40 में से 16 व द्वितीय में 37 में से 15 बच्चे उपस्थित मिले।
सीडीपीओ ने संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि शतप्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को क्षेत्र में भ्रमण कर अभिभावकों को जागरूक किया जाए। चेताया गया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि निदेशालय स्तर से हर सप्ताह सोमवार व मंगलवार को आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराना है।