फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले के 1424 स्थानों पर विधिविधानपूर्वक होगा होलिका दहन

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले के एक हजार 424 स्थानों पर सोमवार को विधिविधान पूर्वक होलिका दहन होगा। इसे लेकर एक दिन पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। होलिका दहन व होली पर्व को लेकर जिले में उल्लास चरम पर पहुंच गया है। पर्व के उल्लास में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए, इसके लिए नागरिकों ने रविवार को बाजारों में जमकर त्योहार से संबंधित सामान की खरीददारी की।
विज्ञापन

इससे दिनभर जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजार उपभोक्ताओं से गुलजार रहे। उधर पर्व को सकुशल व शांतिपूर्वक निपटाने को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम एक दिन पहले ही पूर्ण कर लिए। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
रंगों के पर्व होली का उल्लास रविवार को चरम पर पहुंच गया। मंगलवार को मनाए जाने वाले होली पर्व से एक दिन पहले होलिकोत्सव को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गईं। जिले के एक हजार 424 स्थानों पर सोमवार देर शाम होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसे लेकर संबंधित क्षेत्र के नागरिकों ने सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर लीं।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय पर अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर बनगांव मोड़, पुराने तहसील तिराहा, फव्वारा तिराहा, दोस्तपुर चौराहा, पहितीपुर चौराहा, शहजादपुर चौक, मालीपुर चौराहा, पंडाटोला, मुदरादाबाद, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, बस स्टेशन क्षेत्र, पटेलनगर तिराहा, कलेक्ट्रेट के निकट होलिका दहन किया जाएगा। संबंधित स्थानों पर लकड़ी एकत्र करने का कार्य एक दिन पहले ही पूर्ण कर लिया गया।
रविवार के अवकाश के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बाजारों में होली के मद्देनजर जमकर खरीददारी की। रंग-बिरंगी व आकर्षक पिचकारी, रंग, अबीर व गुलाल की सुबह से ही खरीददारी शुरू कर दी। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। बच्चों व किशोरों ने कार्टून वाली पिचकारी तो युवाओं ने बैलूनयुक्त पिचकारी व गन पिचकारी की बढ़-चढ़कर खरीददारी की।
रंग खेलने वालों ने हर्बल रंगों व अबीर गुलाल की जमकर खरीददारी की। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के पहुंचने से लगभग पूरे दिन बाजार गुलजार रहे। शहजादपुर के रंग विक्रेता राकेश कुमार ने कहा कि हर्बल रंगों की बिक्री अधिक हो रही है। पिचकारी विक्रेता रजनीश कुमार ने कहा कि पिचकारी की बिक्री पर महंगाई का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
होली पर्व को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए हैं। इसे लेकर एक दिन पहले ही तैयारी पूरी कर ली गईं। एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने बताया कि होली के दिन अकबरपुर, जलालपुर, टांडा व बसखारी में ड्रोन कैमरे से क्षेत्र में नजर रखी जाएगी। पर्व को सकुशल निपटाने के लिए 350 अतिरिक्त सिपाही लगाए गए हैं। 6 दंगा नियंत्रण व 6 क्यूआरटी वाहन भी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहेंगे।
इसके अलावा एक प्लाटून पीएसी को भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए लगाया गया है। किसी भी प्रकार की यदि गड़बड़ी होने पर कंट्रोल रूम नंबर 9454417373 पर जानकारी दी जा सकती है। तत्काल मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचेंगे। एएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किस ने पर्व में गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खानूपुर के पंडित अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर भद्रा समाप्त हो रहा है। सूर्यास्त के बाद रात्रि 11 बजकर 36 मिनट तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त है। इस प्रकार का शुभ संयोग 101 वर्ष बाद आया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें